Colombia की ला विक्टोरिया कोयला खदान में मीथेन विस्फोट, 4 श्रमिकों की मौत

Colombia की ला विक्टोरिया कोयला खदान में मीथेन विस्फोट, 4 श्रमिकों की मौत
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मध्य कोलंबिया के बोयाका प्रांत में स्थित ला विक्टोरिया कोयला खदान में मीथेन गैस जमा होने से जोरदार धमाका हुआ। बचाव दल ने रविवार को बाकी बचे 2 श्रमिकों के शव भी निकाल लिए, जबकि 2 शव शनिवार को मिले थे। राष्ट्रीय खनन एजेंसी ने खदान में काम रोकने का आदेश देकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मध्य कोलंबिया के एक ग्रामीण इलाके में स्थित कोयला खदान में मीथेन गैस जमा होने के कारण हुए विस्फोट में मारे गए चार लोगों में से शेष दो के शव बचावकर्मियों ने रविवार को बरामद कर लिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। देश की राष्ट्रीय खनन एजेंसी ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि घटनास्थल पर तलाश और बचाव अभियान समाप्त हो गया है, लेकिन विस्फोट की जांच जारी है।

हादसे में मारे गए दो अन्य लोगों के शव शनिवार को निकाल लिए गए थे। यह खदान कोलंबिया की राजधानी बोगोटा से करीब 240 किलोमीटर उत्तर में बोयाका प्रांत के चिता नगर पालिका क्षेत्र में स्थित है। चिता नगर पालिका प्रशासन के बयान के अनुसार, विस्फोट ला विक्टोरिया कोयला खदान में हुआ था।

कोलंबियाई मीडिया पर प्रसारित सुरक्षा कैमरे के फुटेज में विस्फोट के बाद काले धुएं का विशाल गुबार और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। खनन अधिकारियों ने इस खदान में कामकाज रोकने का आदेश दिया है। उन्होंने खदान का संचालन करने वाली कंपनी या व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की है, लेकिन कहा है कि खदान एजेंसी के पास विधिवत पंजीकृत थी।

एजेंसी ने पहले भी चेतावनी दी थी कि कोयले की खदानों में गैस और धूल जमा होने से खतरनाक स्थितियां पैदा हो सकती हैं। मध्य कोलंबिया में खनन दुर्घटनाएं आम हैं। खनन एजेंसी ने रविवार को बोयाका प्रांत की एक अन्य खदान में एक श्रमिक की मौत की भी जानकारी दी।

एजेंसी के अनुसार, चट्टान खिसकने से श्रमिक उसमें फंस गया था। हालांकि, उसने इस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़