Israel का Lebanon पर हवाई हमला: 11 लोगों की मौत और 19 घायल, PM सलाम ने की निंदा

दक्षिणी लेबनान के अंसार और देर अल-जहरानी इलाकों में इजराइली वायुसेना द्वारा किए गए हमलों में 11 लोगों की जान चली गई और 19 अन्य घायल हो गए। लेबनानी अधिकारियों के अनुसार, अंसार में एक रिहायशी मकान को निशाना बनाया गया जिसमें तीन बच्चों समेत सात नागरिकों की मृत्यु हुई। वहीं प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने इन हमलों को शांति प्रयासों को कमजोर करने वाला बताते हुए इजराइल की कड़ी निंदा की।
दक्षिणी लेबनान में शनिवार को इजराइल के हवाई हमले में 11 लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। इजराइल और हिजबुल्ला के बीच 20 जून को लागू हुए संघर्ष विराम के बाद से यह सबसे घातक हमला है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय और सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, अंसार के बाहरी इलाके में एक घर को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमले में सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं।
हमले में दो लोग घायल भी हुए। दूसरा हमला देर अल-जहरानी में हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। यह हवाई हमला 26 जून को लेबनान और इजराइल के बीच घोषित ‘‘फ्रेमवर्क समझौते’’ के बाद से सबसे घातक हमलों में से एक माना जा रहा है।
इस समझौते के तहत दक्षिणी लेबनान से इजराइली सेना की वापसी के बदले ईरान समर्थित हिज्बुल्ला संगठन को निरस्त्र करने की योजना तय की गई थी। लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली हवाई हमलों की निंदा करते हुए कहा कि ये हमले ‘‘लोगों को डराने’’ का काम करते हैं और दक्षिणी क्षेत्र में हालात को स्थिर करने के प्रयासों को कमजोर करते हैं। उन्होंने कहा कि लेबनानी लोगों की सुरक्षा और अपनी जमीन पर जीवन जीने का उनका अधिकार ‘‘किसी बातचीत या सौदेबाजी का विषय नहीं है।’’ सलाम ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘अंसार शहर में इजराइली हवाई हमले में मारे गए सात शहीद किसी सैन्य ढांचे का हिस्सा नहीं थे।’’ उन्होंने कहा कि इजराइल को भड़कावे वाला कदम रोकना चाहिए।
वहीं, इजराइली सेना ने एक बयान में कहा कि उसने इलाके में इजराइली सैनिकों के खिलाफ की गई कार्रवाई के जवाब में अली ताहेर और अंसार क्षेत्रों में हिजबुल्ला के ढांचे को निशाना बनाकर हमला किया।
अन्य न्यूज़














