Amit Shah के अरुणाचल दौरे पर होर्डिंग गिराने वाले Youth Congress नेता तार जॉनी को मिली जमानत

अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में गृह मंत्री के स्वागत का होर्डिंग गिराने के आरोप में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव तार जॉनी को पुलिस ने हिरासत में लिया था। लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज होने के बाद पापुम पारे जिला अदालत ने उन्हें जमानत दे दी। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए पुरातात्विक स्थल पर प्रचार होर्डिंग लगाने पर सवाल उठाए हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अरुणाचल प्रदेश दौरे के दौरान उनके स्वागत में लगाए गए एक होर्डिंग को गिराने के आरोप में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव तार जॉनी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। जॉनी को 21 नवंबर को राज्य की राजधानी में ईटा किले के पास हुई इस घटना के संबंध में राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क (आईपीआर) विभाग की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के बाद हिरासत में लिया गया था।
पुलिस ने बताया कि युवा कांग्रेस नेता के खिलाफ लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 के तहत मामला दर्ज किया गया। हालांकि, सोमवार को पापुम पारे जिला अदालत ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया। शाह 20 नवंबर से तीन दिवसीय दौरे पर पूर्वोत्तर राज्य में थे।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की अरुणाचल प्रदेश इकाई ने भी इसी कथित घटना को लेकर सोमवार को जॉनी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। दूसरी ओर, कांग्रेस ने जॉनी की गिरफ्तारी को भाजपा सरकार की ओर से की गई ‘राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई’ करार दिया। पार्टी ने सवाल उठाया कि शाह के दौरे के दौरान पार्टी प्रचार के लिए कथित तौर पर सरकारी संपत्ति का इस्तेमाल क्यों किया गया और एक संरक्षित पुरातात्विक स्थल के भीतर राजनीतिक होर्डिंग क्यों लगाए गए।
अन्य न्यूज़














