Japan Parliamentary Election: PM Takaichi की LDP को प्रचंड जीत की उम्मीद, विपक्ष बिखरा हुआ।

Japan Parliamentary Election
प्रतिरूप फोटो
AI generated

जापान में संसदीय चुनावों के लिए मतदान शुरू हो गया है, जहाँ प्रधानमंत्री साने ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) को बड़ी जीत की उम्मीद है ताकि वह चीन के खिलाफ सैन्य और आर्थिक मजबूती का अपना रूढ़िवादी एजेंडा आगे बढ़ा सकें।

जापान में रविवार को संसदीय चुनावों के लिए मतदान शुरू हुआ। प्रधानमंत्री साने ताकाइची को उम्मीद है कि उनकी संघर्षरत पार्टी को इतनी बड़ी जीत मिलेगी कि वह अपना महत्वाकांक्षी रूढ़िवादी राजनीतिक एजेंडा आगे बढ़ा सकें। ताकाइची व्यक्तिगत रूप से काफी लोकप्रिय हैं, लेकिन सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) उतनी लोकप्रिय नहीं है, जिसने पिछले सात दशकों में अधिकतर समय जापान पर शासन किया है।

उन्होंने इसी स्थिति को बदलने के लिए अचानक चुनाव कराने का फैसला किया। ताकाइची चीन के साथ बढ़ते तनाव के बीच जापान की अर्थव्यवस्था और सैन्य क्षमता को मजबूत करने वाली दक्षिणपंथी नीतियों को आगे बढ़ाना चाहती हैं। साथ ही वह अमेरिका के साथ गठबंधन को भी मजबूत बनाए रखना चाहती हैं। अत्यंत रूढ़िवादी ताकाइची अक्टूबर में जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं और उन्होंने सिर्फ ‘‘काम’’ करने का संकल्प लिया।

उन्हें मजाकिया और सख्त मिजाज का माना जाता है, जिससे युवाओं के बीच वह काफी लोकप्रिय हैं। ताजा सर्वेक्षणों के अनुसार, एलडीपी को निचले सदन में भारी जीत मिलने की संभावना है। विपक्ष बिखरा हुआ है और उसे मजबूत चुनौती देने में सक्षम नहीं माना जा रहा। ताकाइची ने कहा है कि अगर पार्टी बहुमत हासिल नहीं कर पाई तो वह इस्तीफा दे देंगी। इस बीच, उत्तरी जापान में रिकॉर्ड बर्फबारी से मतदान और मतगणना प्रभावित होने की आशंका है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़