PM Narendra Modi ने Manila में 100 साल पुराने Gurdwara Khalsa Diwan के पुनर्निर्माण की रखी नींव

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मनीला यात्रा के दौरान फिलीपीन के सबसे पुराने सिख प्रार्थना स्थल पर मत्था टेका। इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे की स्थापना 1901 में हुई थी और इसे 1924 में खालसा दीवान के रूप में पंजीकृत किया गया था। इस शिलान्यास समारोह में मनीला के मेयर और सीनेटर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपीन के सबसे पुराने गुरुद्वारे में मत्था टेका और इसके पुनर्निर्माण के लिए आधारशिला रखे जाने के समारोह का नेतृत्व किया। फिलीपीन की तीन दिवसीय यात्रा पर आए मोदी ने मनीला स्थित 100 साल से अधिक पुराने गुरुद्वारा खालसा दीवान में मत्था टेकने के बाद कहा कि वह खुद को ‘‘बहुत धन्य’’ महसूस कर रहे हैं। इस अवसर पर सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला शहर के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गुरुद्वारा खालसा दीवान एक सदी से अधिक समय से भारत और फिलीपीन के बीच जीवंत सांस्कृतिक और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंध का प्रतीक रहा है।’’ मोदी ने सोमवार को कहा कि यह गुरुद्वारा आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गुरु साहिबों की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सिख समुदाय ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने दूसरों की सेवा करने और एक बेहतर ग्रह के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई है।’’ विदेश मंत्रालय के अनुसार गुरुद्वारे की स्थापना मूल रूप से 1901 में हुई थी और 1903 में इसे औपचारिक रूप से संगठित किया गया था।

इसे 1924 में खालसा दीवान के रूप में पंजीकृत किया गया था। इसमें कहा गया है, ‘‘खालसा दीवान गुरुद्वारा को फिलीपीन का सबसे पुराना गुरुद्वारा होने का अनूठा गौरव प्राप्त है। यह मनीला में सिख और अन्य समुदायों के लिए अपनी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और परमार्थ की गतिविधियों के माध्यम से एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहता है।’’ मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए सोमवार को फिलीपीन पहुंचे।

उनकी इस यात्रा का उद्देश्य दक्षिण पूर्व एशियाई और पूर्वी एशियाई देशों के साथ संबंधों को मजबूत करना तथा क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करना है। आसियान दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का एक प्रमुख क्षेत्रीय अंतर-सरकारी संगठन है। भारत आसियान का एक महत्वपूर्ण रणनीतिक और आर्थिक साझेदार है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़