Russia ने परमाणु बलों की सूचना US से साझा करना बंद किया

information on nuclear forces
प्रतिरूप फोटो
Google Creative Commons

रूसी समाचार एजेंसियों के मुताबिक, रूसी उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने कहा कि मॉस्को ने वाशिंगटन के साथ सभी सूचनाओं के आदान-प्रदान को रोक दिया है। पिछले महीने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नई ‘स्टार्ट’ संधि को निलंबित कर दिया था।

रूस के एक वरिष्ठ राजनयिक ने बुधवार को कहा कि मॉस्को ने अपने परमाणु बलों के बारे में सूचना अमेरिका से साझा करना बंद कर दिया है जिसमें मिसाइल परीक्षणों से जुड़ी सूचनाएं भी शामिल हैं। रूसी समाचार एजेंसियों के मुताबिक, रूसी उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने कहा कि मॉस्को ने वाशिंगटन के साथ सभी सूचनाओं के आदान-प्रदान को रोक दिया है। पिछले महीने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नई ‘स्टार्ट’ संधि को निलंबित कर दिया था।

पुतिन ने कहा था कि रूस को समझौते के तहत अपने परमाणु स्थलों की अमेरिकी निगरानी ऐसे समय में स्वीकार्य नहीं है जब वाशिंगटन और उसके नाटो सहयोगियों ने खुले तौर पर यूक्रेन में रूस की हार को अपना लक्ष्य घोषित किया है। मॉस्को ने इस बात पर जोर दिया कि वह पूरी तरह से समझौते से पीछे नहीं हट रहा है और परमाणु हथियारों की सीमा का सम्मान करना जारी रखेगा। रूसी विदेश मंत्रालय ने शुरू में कहा था कि मॉस्को अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों के नियोजित परीक्षणों के बारे में अमेरिका को सूचित करता रहेगा। रूसी सेना ने अपने रणनीतिक मिसाइल बलों का बुधवार को अभ्यास किया और इसके तहत साइबेरिया में मोबाइल लॉन्चर तैनात किए गए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़