Kenya के सांबुरु में Helicopter Crash से 7 की मौत, राहत बचाव कार्य जारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पूर्वी अफ्रीकी देश केन्या के सांबुरु काउंटी में बुधवार सुबह एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार पायलट समेत सभी सात लोगों की जान चली गई। यह हादसा लोईसाबा संरक्षण क्षेत्र से उड़ान भरने के बाद माउंट ओलोलोकवे के पास हुआ। स्थानीय पुलिस और रेड क्रॉस की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं, जबकि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

उत्तरी केन्या के एक सुदूर इलाके में बुधवार सुबह एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। केन्या नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, हेलीकॉप्टर सुबह नौ बजकर 13 मिनट पर लोईसाबा संरक्षण क्षेत्र से सांबुरु काउंटी के इवासो नीरो क्षेत्र की ओर उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

प्राधिकरण ने एक बयान में बताया कि हेलीकॉप्टर में पायलट समेत सात लोग सवार थे। हादसे की जांच की जा रही है। सांबुरु के पुलिस कमांडर डेविड नकोरोई ने बुधवार देर रात पत्रकारों को बताया कि हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, हेलीकॉप्टर देश के लोकप्रिय पर्यटन स्थल माउंट ओलोलोकवे की तलहटी के एक दुर्गम इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। स्थानीय कंपनी ‘लेडी लोरी हेलीकॉप्टर्स’ का हेलीकॉप्टर यात्रा कंपनी ‘बियॉन्ड’ के मेहमानों को लेकर जा रहा था।

स्थानीय सफारी संचालक ‘ट्रॉपिक एयर केन्या’ ने बताया कि उसने खोज एवं बचाव अभियान में सहायता के लिए अपने दो हेलीकॉप्टर भेजे हैं। उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर यूरोकॉप्टर ईसी130 बी4 था। केन्या रेड क्रॉस ने कहा कि उसकी आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें ‘‘विभिन्न एजेंसी द्वारा चलाए जा रहे अभियान में शामिल हैं और बचाव दल दुर्घटनास्थल तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।’’ फरवरी में पश्चिमी केन्या के एक पहाड़ी इलाके में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से छह लोगों की मौत हो गई थी।

मृतकों में एक सांसद भी शामिल था।

All the updates here:

अन्य न्यूज़