Pakistan में नए प्रांत बनाने की योजना पर बवाल, Karachi में Sindh के बंटवारे का विरोध

पाकिस्तान में चार प्रमुख प्रांतों को बांटकर नए प्रांत बनाने की कथित योजना का कड़ा विरोध शुरू हो गया है। सेना प्रमुख आसिम मुनीर से जुड़ी इस योजना के खिलाफ कराची में हजारों लोगों ने प्रदर्शन कर सिंध की सीमाएं बदलने का विरोध किया। वहीं बिलावल भुट्टो जरदारी ने जबरन बंटवारा करने पर हिंसा भड़कने की चेतावनी दी है।
पाकिस्तान में प्रांतों के बंटवारे को लेकर राजनीतिक विवाद तेज होता जा रहा है। सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से जुड़ी एक कथित योजना के विरोध में सिंध प्रांत की राजधानी कराची में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने सिंध की मौजूदा सीमाओं में किसी भी तरह के बदलाव और प्रांत को बांटकर नए प्रशासनिक क्षेत्र बनाने के प्रस्ताव का विरोध किया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने साफ कहा कि सिंध की पहचान और उसकी जमीन के साथ कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पाकिस्तान टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, कराची में इस विरोध प्रदर्शन का आयोजन जिये सिंध रहबर कमेटी ने किया था। इसमें सिंधी राष्ट्रवादी नेताओं, राजनीतिक कार्यकर्ताओं, वकीलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन में शामिल लोग अपने पारंपरिक अज्रक दुपट्टे और सिंधी टोपियां पहने नजर आए। वक्ताओं ने कहा कि सिंध की भौगोलिक सीमाओं में बदलाव का फैसला वहां के लोगों की इच्छा के बिना नहीं लिया जा सकता।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सिंध की पहचान केवल एक प्रशासनिक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका अपना लंबा इतिहास, संस्कृति और सभ्यता है। इसलिए इसे प्रशासनिक सुविधा के नाम पर बांटने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नए प्रांत बनाने या प्रशासनिक इकाइयों के गठन के लिए जनमत संग्रह कराने के विचार का भी विरोध किया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अगुवाई वाली संघीय सरकार और संबंधित संस्थाओं से अपील की कि ऐसा कोई फैसला न लिया जाए, जिससे प्रांत में राजनीतिक तनाव और बढ़े। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर स्थानीय लोगों की सहमति के बिना सीमाओं में बदलाव किया गया तो इसके खिलाफ संवैधानिक, कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
दरअसल, पाकिस्तान में प्रशासनिक व्यवस्था बदलने की एक कथित योजना को लेकर चर्चा चल रही है। इसके तहत देश के 4 प्रमुख प्रांतों पंजाब, सिंध, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान को बांटकर करीब एक दर्जन या उससे अधिक नए प्रांत बनाने की बात कही जा रही है। इस योजना को सेना प्रमुख आसिम मुनीर से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, अभी तक उनके समर्थन वाला कोई आधिकारिक दस्तावेज या अंतिम प्रस्ताव सार्वजनिक नहीं किया गया है।
इस योजना के समर्थकों की ओर से इसे प्रशासन को बेहतर बनाने और सरकारी व्यवस्था को आम लोगों के करीब पहुंचाने का प्रयास बताया जा रहा है। वहीं, आलोचकों को आशंका है कि इससे पाकिस्तान की मौजूदा संघीय व्यवस्था में बड़ा बदलाव हो सकता है। ब्रिटिश पत्रिका द इकोनॉमिस्ट ने 8 अक्टूबर के अपने संपादकीय में इस पहल को राजनीतिक विपक्ष को कमजोर करने और सेना प्रमुख की ताकत बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा था।
इस विवाद के बीच पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने भी कड़ा रुख अपनाया है। 17 नवंबर को कराची प्रेस क्लब में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर सिंध को जबरन बांटने की कोशिश हुई तो आम लोग हथियार उठाने को मजबूर हो सकते हैं। उन्होंने कहा था कि जबरन बंटवारे से समाज में दुश्मनी और हिंसा बढ़ेगी तथा इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
हालांकि, बिलावल ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी नए प्रांत बनाने के पूरी तरह खिलाफ नहीं है। उनका कहना है कि ऐसा कोई भी फैसला संविधान, कानून और स्थानीय लोगों की इच्छा के अनुसार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के संविधान में नए प्रांत बनाने की प्रक्रिया पहले से मौजूद है। ऐसे में जनमत संग्रह का सुझाव देना संवैधानिक प्रक्रिया से हटकर रास्ता तलाशने जैसा है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में प्रांतों के बंटवारे का मुद्दा केवल प्रशासनिक बदलाव तक सीमित नहीं है। इससे क्षेत्रीय पहचान, राजनीतिक ताकत और संघीय व्यवस्था का भविष्य भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में सिंध में बढ़ते विरोध ने आसिम मुनीर से जुड़ी इस कथित योजना को लेकर सरकार और सेना के सामने एक नई राजनीतिक चुनौती खड़ी कर दी है।
अन्य न्यूज़














