Black Sea में 3 वाणिज्यिक जहाजों पर Drone Attack, रोमानिया ने जताई सुरक्षा पर चिंता

रोमानिया के प्रधानमंत्री लुका निकुलेस्कु ने बताया कि काला सागर में रविवार को तीन वाणिज्यिक जहाजों को ड्रोन से निशाना बनाया गया। इनमें से यूनान के झंडे वाले एक तेल टैंकर में आग लग गई थी, जिस पर चालक दल ने काबू पा लिया। इन हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन नाटो क्षेत्र में युद्ध फैलने की आशंका बढ़ गई है।
रोमानिया के प्रधानमंत्री लुका निकुलेस्कु ने रविवार को कहा कि काला सागर में तीन वाणिज्यिक जहाजों पर ड्रोन से हमला किया गया। ये हमले ऐसे समय हुए हैं, जब लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से युद्ध के नाटो क्षेत्र तक फैलने की आशंका बढ़ गई है। निकुलेस्कु ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘एक बार फिर काला सागर में समुद्री सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ है।’’ रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यूनान के झंडे वाले एक तेल टैंकर पर ड्रोन से हमला किया गया, जिससे उसमें आग लग गई।
हालांकि, चालक दल ने आग पर काबू पा लिया। मंत्रालय ने कहा कि बाद में दो और जहाजों पर ड्रोन से हमला किया गया। इन हमलों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
हालांकि, उसने यह नहीं बताया कि ड्रोन हमला किसने किया था। निकुलेस्कु ने कहा, ‘‘ये घटनाएं अस्वीकार्य हैं और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हैं।’’ उन्होंने कहा कि ये घटनाएं यूक्रेन के खिलाफ रूस के जारी युद्ध के कारण बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को दर्शाती हैं। पिछले महीने बुल्गारिया और रोमानिया के तटों के पास कई मालवाहक जहाजों और तेल टैंकरों पर हवाई या ड्रोन से हमले किए गए थे।
अन्य न्यूज़














