Somalia में भारत ने शुरू की FOC बैठक, समुद्री सुरक्षा और रक्षा सहयोग मजबूत करने पर सहमति

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मोगादिशु में आयोजित पहले दौर के विदेश कार्यालय परामर्श में भारत और सोमालिया ने रक्षा, व्यापार और समुद्री डकैती से निपटने पर विस्तृत समीक्षा की। दोनों देशों ने नियमित समीक्षा के लिए एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए। विदेश मंत्रालय की सचिव रंगनाथन ने सोमालियाई नेतृत्व से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने पर बातचीत की।

भारत और सोमालिया ने रविवार को मोगादिशु में ‘विदेश कार्यालय परामर्श’ बैठक का पहला दौर आयोजित किया। इस दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की और व्यापार, स्वास्थ्य, रक्षा तथा समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाएं तलाशीं। विदेश मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (पश्चिम एशिया एवं उत्तरी अफ्रीका) सुरेश कुमार एम और सोमालिया के विदेश एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय के स्थायी सचिव हमजा अदन हादू ने की।

नयी दिल्ली और मोगादिशु ने शनिवार को सोमालिया की राजधानी में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत द्विपक्षीय संबंधों की नियमित समीक्षा के लिए एक व्यवस्थित तंत्र स्थापित किया गया है। इस समझौते पर हस्ताक्षर के बाद रविवार को ‘विदेश कार्यालय परामर्श’ बैठक का पहला दौर आयोजित हुआ।

बयान में कहा गया है, ‘‘बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने व्यापार एवं निवेश, स्वास्थ्य एवं दवा, एसएमई, विकास साझेदारी, रक्षा, सुरक्षा, वाणिज्य दूतावास संबंधी मामलों, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संपर्क समेत द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की।’’ इसमें कहा गया, ‘‘चर्चा के दौरान क्षेत्र में समुद्री डकैती की बढ़ती घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने और जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर विचार-विमर्श किया गया।’’ बयान के अनुसार, ‘‘दोनों पक्षों ने आतंकवाद की स्पष्ट रूप से निंदा की।’’ दोनों देशों ने आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और अन्य बहुपक्षीय मंचों पर अपने करीबी समन्वय और सहयोग की सराहना की। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत और सोमालिया के बीच लंबे समय से मैत्रीपूर्ण संबंध हैं।

भारत सोमालिया के शीर्ष तीन व्यापारिक साझेदारों में शामिल है।’’ इसने कहा कि भारत एक भरोसेमंद विकास साझेदार भी है और चिकित्सा उपचार तथा उच्च शिक्षा के लिए सोमालिया के नागरिकों की पसंदीदा जगह है। दोनों पक्षों ने ‘विदेश कार्यालय परामर्श’ बैठक का अगला दौर आपसी सहमति से तय तारीख पर भारत में आयोजित करने पर सहमति जताई। यह बैठक विदेश मंत्रालय में सचिव (वाणिज्य दूतावास, पासपोर्ट एवं वीजा और प्रवासी भारतीय मामले) रंगनाथन की सोमालिया यात्रा का हिस्सा थी।

वह हाल के वर्षों में भारत की ओर से पहली उच्चस्तरीय द्विपक्षीय यात्रा पर शनिवार को मोगादिशु पहुंची थीं। यात्रा के दौरान उन्होंने सोमालिया के राष्ट्रपति हसन शेख मोहम्मद से मुलाकात की और उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, मोहम्मद ने भारत के साथ अपने जुड़ाव और 2015 की अपनी यात्रा को याद किया तथा द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने के अपने दृष्टिकोण को साझा किया।

रंगनाथन ने सोमालिया के रक्षा मंत्री अहमद मुअल्लिम फिकी से भी मुलाकात की और विशेष रूप से समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद से मुकाबले तथा क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में रक्षा सहयोग मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने उप विदेश मंत्री हसन मोहम्मद अली से भी मुलाकात की। इस दौरान व्यापार, चिकित्सा सहयोग, शिक्षा, क्षमता निर्माण और क्षेत्र के हालिया भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा हुई।

रंगनाथन ने मोगादिशु में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार भारतीय प्रवासियों के कल्याण के लिए पूरा सहयोग देगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़