म्यामां सैन्य अभियान खत्म करे, मानवीय सहायता दे: UN

UN tells Burma to end military operation against Rohingya Muslims

‘‘स्थिति दुनिया में तेजी से शरणार्थी आपदा, मानवता और मानवाधिकार की समस्या में तबदील हो रही है।’’ अभी तक 5,00,000 से अधिक रोहिंग्या शरणार्थी निकटवर्ती बांग्लाोश में पलायन कर चुके हैं।

संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने म्यामां के रोहिंग्या समुदाय के लोगों पर किए जा रहे अमानवीय अत्याचारों की निंदा करते हुए सरकार से विवादित पश्चिमी क्षेत्र में सैन्य अभियानों पर अंकुश लगाने और वहां मानवीय सहायता पहुंचाने की अपील की है।

गुतारेस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में दिए कल अपने भाषण में कहा, ‘‘स्थिति दुनिया में तेजी से शरणार्थी आपदा, मानवता और मानवाधिकार की समस्या में तबदील हो रही है।’’ अभी तक 5,00,000 से अधिक रोहिंग्या शरणार्थी निकटवर्ती बांग्लाोश में पलायन कर चुके हैं। पिछले माह रोहिंग्या उग्रवादियों के सुरक्षा चौकियों पर हमला करने के बाद वहां हिंसा शुरू हो गई, जिसके बाद लोगों ने वहां से बढ़ी संख्या में पलायन शुरू किया।

 

गुतारेस ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र को शरणार्थियों के साथ अति हिंसक व्यवहार करने और मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन की रिपोर्ट मिली है, जिसमें अंधाधुंध गोलीबारी, नागरिकों के खिलाफ बारूदी सुरंगों का इस्तेमाल और यौन हिंसा जैसे मामले शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘यह अस्वीकार्य है और इसे तुरंत समाप्त किया जाना चाहिए।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़