डोनाल्ड ट्रंप बनाम जो बाइडेन: व्हाइट हाउस के लिए नजदीकी मुकाबला, चुनाव नतीजे का दुनियाभर में बेसब्री से इंतजार

donald trump

यूरोपीय संघ की विदेश नीति के प्रमुख जोसेप बोरेल ने कहा कि व्हाइट हाउस के लिए नजदीकी मुकाबले को देखते हुए हमें थोड़ा धैर्य रखना होगा।

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव के नतीजे को लेकर दुनिया भर में उत्सुकता है और विभिन्न देशों में लोग बेसब्री से चुनाव परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे हैं। महीनों से दुनिया भर में अनुमान लगाया जा रहा था कि राष्ट्रपति चुनाव में किसे जीत मिलेगी। मुकाबले के रोमांचक होने के साथ ही लोगों में परिणाम को लेकर उत्सुकता बढ़ती जा रही है। यूरोपीय संघ की विदेश नीति के प्रमुख जोसेप बोरेल ने कहा कि व्हाइट हाउस के लिए नजदीकी मुकाबले को देखते हुए हमें थोड़ा धैर्य रखना होगा। 

इसे भी पढ़ें: अमेरिका चुनाव: बड़ी संख्या में बाहर निकल रहे मतदाता, मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें 

बोरेल ने स्पेनिश नेशनल टेलीविजन से कहा, ‘‘अमेरिकी प्रणाली में आखिरी वोट भी मायने रखता है, और आखिरी वोट भी परिणाम को बदल देता है। दुनिया भर के नेता आमतौर पर परिणाम को लेकर टिप्पणी करने से परहेज कर रहे हैं। हालांकि नतीजे को लेकर बने संशय से विदेशों में चिंताएं भी पैदा हो रही हैं कि विजेता घोषित होने के बाद अमेरिका में लंबे समय तक आंतरिक संघर्ष बना रह सकता है। जर्मनी के रक्षा मंत्री ए सी कारेनबाउर ने कहा कि अब परिणाम की वैधता को लेकर लड़ाई शुरू हो गयी है। 

इसे भी पढ़ें: ट्रंप ने फिर किया दावा, कहा- राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को मिलेगी जबरदस्त जीत 

उन्होंने कहा, ‘‘यह एक बहुत ही विस्फोटक स्थिति है... यह अमेरिका में संवैधानिक संकट का कारण बन सकता है। यह निश्चित रूप से हमें चिंतित करेगा। चुनाव परिणाम में देरी का असर वित्तीय बाजारों में देखा जा रहा है और इससे निवेशकों की धारणा भी प्रभावित हुई है। कुछ सूचकांकों में वृद्धि हुयी है वहीं कुछ नीचे चले गए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़