कम बारिश से इंदौर में गहराया जलसंकट, नगर निगम ने मांगे 110 करोड़ रुपये

कम बारिश से इंदौर में गहराया जलसंकट, नगर निगम ने मांगे 110 करोड़ रुपये
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

इंदौर में इस वर्ष सामान्य से 27 प्रतिशत कम मानसूनी बारिश दर्ज होने के बाद आगामी गर्मियों की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में विशेष वित्तीय पैकेज की मांग रखी। इस राशि का उपयोग नए जल टैंकरों, नलकूपों और संपवेल के निर्माण पर किया जाएगा।

मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी के नाम से मशहूर इंदौर में इस बार सामान्य से 27 प्रतिशत कम मॉनसूनी बारिश होने के कारण आगामी गर्मियों में आशंकित जल संकट से निपटने के लिए शहरी निकाय ने सोमवार को राज्य सरकार से 110 करोड़ रुपये का विशेष सहायता पैकेज मांगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इंदौर में एक जून से 30 सितंबर तक 633.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि जिले में वर्षा का सामान्य स्तर 868.1 मिलीमीटर है।

उन्होंने बताया कि इस स्थिति के मद्देनजर आगामी गर्मियों में आशंकित जलसंकट से निपटने के लिए इंदौर नगर निगम ने मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित एक समीक्षा बैठक में राज्य सरकार से 110 करोड़ रुपये की विशेष सहायता मांगी। अधिकारियों के मुताबिक महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में कहा कि इस प्रस्तावित पैकेज की रकम पानी के नये टैंकर खरीदने, नये नलकूप खोदने, संपवेल (पानी को एक जगह जमा करने और पंप के जरिये आगे पहुंचाने के लिए बनाई जानी वाली गहरी भूमिगत टंकी) और अन्य कामों में खर्च की जाएगी। महापौर कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया,‘‘नगर निगम ने कम बारिश के कारण यशवंत सागर तालाब का जलस्तर घटने के मद्देनजर उसे नर्मदा नदी के पानी से भरने का प्रस्ताव नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण को भेजा था।

मुख्यमंत्री ने बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इससे पश्चिमी इंदौर के करीब 1.50 लाख घरों को राहत मिलेगी।’’ इंदौर शहर अपनी पेयजल जरूरतों के लिए मुख्य रूप से नर्मदा नदी पर निर्भर है। नगर निगम की पाइपलाइन के जरिये पड़ोसी खरगोन जिले के जलूद से करीब 80 किलोमीटर दूर इंदौर तक नर्मदा का पानी लाया जाता है और फिर इसे शहर में वितरित किया जाता है।

अधिकारियों ने बताया कि शहर को नर्मदा से प्रतिदिन करीब 450 ‘एमएलडी’ (मिलियन लीटर प्रतिदिन) पानी मिलता है, जबकि नर्मदा की पाइपलाइन से वंचित इलाकों की जरूरत करीब 200 एमएलडी है। इस तरह, शहर की कुल दैनिक जल आवश्यकता करीब 650 एमएलडी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़