दक्षिण चीन सागर में किसी वस्तु से टकराई अमेरिकी नौसेना की पनडुब्बी, 11 घायल

US submarine

अमेरिकी पनडुब्बी ने दक्षिण चीन सागर में किसी वस्तु को टक्कर मारी है।अधिकारियों ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पनडुब्बी किस वस्तु से टकरायी लेकिन यह कोई अन्य पनडुब्बी नहीं थी। एक अधिकारी ने बताया कि यह डूबा हुआ जहाज, डूबे हुए जहाज का कोई कंटेनर या कोई अन्य वस्तु हो सकती है।

वाशिंगटन।अमेरिकी नौसेना की एक पनडुब्बी ने दक्षिण चीन सागर में किसी वस्तु को टक्कर मारी। गनीमत यह रही कि किसी को जानलेवा चोटें नहीं आयी और पनडुब्बी परिचालन के लिहाज से ठीक स्थिति में है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। घटना की संक्षिप्त जानकारी मुहैया कराते हुए अमेरिकी पैसिफिक फ्लीट ने कहा कि पनडुब्बी ‘यूएसएस कनेक्टिकट’ अब भी ‘‘सुरक्षित और स्थिर स्थिति’’ में है। बयान में कहा गया है, ‘‘बाकी की पनडुब्बी को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।’’ उसने बताया कि इस घटना की जांच की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: अमेरिकी सैनिकों पर हमला करने वाले तालिबानी कमांडर पर आरोप तय

बयान में घटना का स्थान नहीं बताया गया है लेकिन नौसेना के दो अधिकारियों ने गोपनीयता की शर्त पर बताया कि यह घटना दक्षिण चीन सागर में हुई जब कनेक्टिकट नियमित अभियान पर था। अधिकारियों ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पनडुब्बी किस वस्तु से टकरायी लेकिन यह कोई अन्य पनडुब्बी नहीं थी। एक अधिकारी ने बताया कि यह डूबा हुआ जहाज, डूबे हुए जहाज का कोई कंटेनर या कोई अन्य वस्तु हो सकती है। उन्होंने बताया कि कनेक्टिकट में सवार दो नौसैनिकों को चोटें आयी हैं और करीब नौ अन्य को मामूली चोटें आयी हैं। सभी का पनडुब्बी में ही इलाज किया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़