नागरिकता कानून के बारे में जागरूकता फैलाने के लिये राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा: भाजपा

a-nationwide-campaign-will-be-launched-to-spread-awareness-about-citizenship-law-says-bjp
[email protected] । Dec 16 2019 10:03AM

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पार्टी के उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम के साथ संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता देश भर में लोगों को इस कानून के बारे में बताएंगे, जिसका उद्देश्य तीन पड़ोसी देशों में धार्मिक प्रताड़ना झेलने के बाद भारत आए वहां के अल्पसंख्यकों को भारतीय नागरिकता प्रदान करना है।

नयी दिल्ली। नागरिकता (संशोधन) कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के बीच भाजपा ने रविवार को घोषणा की कि वह इस कानून के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाने के लिये एक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाएगी। पार्टी ने कहा कि यह मुसलमानों या किसी अन्य समुदायके खिलाफ भेदभावपूर्ण नहीं है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पार्टी के उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम के साथ संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता देश भर में लोगों को इस कानून के बारे में बताएंगे, जिसका उद्देश्य तीन पड़ोसी देशों में धार्मिक प्रताड़ना झेलने के बाद भारत आए वहां के अल्पसंख्यकों को भारतीय नागरिकता प्रदान करना है।

पात्रा ने कहा, “इस कानून में ऐसा कोई भी प्रावधान नहीं है कि हमारे मुस्लिम भाइयों या बहनों के एक भी अधिकार छीने जाएंगे। इसके बजाए उन लोगों को अधिकार दिए जाएंगे जो बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में धार्मिक प्रताड़ना झेलने के बाद भारत आने पर बिना किसी अधिकार के रह रहे थे।” उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, छत्तीसगढ़ और दिल्ली समेत 11 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में पार्टी पदाधिकारियों को राष्ट्रीय नेतृत्व ने रविवार को यहां इस कानून के प्रावधानों के बारे में बताया है, ताकि वे अपने-अपने राज्यों में अभियान शुरू कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और सभी को नये कानून पर एक पुस्तिका भी दी।

इसे भी पढ़ें: AMU में छात्रों की पुलिस के साथ झड़प, 60 घायल, विश्वविद्यालय 5 जनवरी तक के लिए बंद 

पात्रा ने कहा, ‘‘हमें विपक्ष, खासतौर से कांग्रेस की गैर जिम्मेदाराना भूमिका से भाजपा के जिम्मेदाराना व्यवहार की तुलना करनी होगी। भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं से तथ्यों के साथ बात की है जबकि विपक्ष लोगों को गुमराह कर रहा है। वे दंगा या आगजनी करना चाहते हैं।’’ उन्होंने आगे कहा कि नागरिकता कानून पर राजनीति घिनौनी है और विपक्ष ने अनुच्छेद 370 और तीन तलाक कानून को हटाए जाने पर भी ऐसा ही किया था। भाजपा प्रवक्ता ने लंदन में भारतीय दूतावास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन की निंदा की और आरोप लगाया, ‘‘पाकिस्तान ने अपना काम कांग्रेस को सौंप दिया।’’ पात्रा ने कहा कि नये कानून का विरोध इसलिए हो रहा है कि इसने कुछ राजनीतिक दलों के ‘‘तुष्टीकरण के कारोबार’’ को रोक दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘कैब (सिटिजेनशिप एमेंडमेंट एक्ट) का मतलब है ‘कारोबार अब बंद’। तुष्टीकरण का उनका कारोबार अब बंद हो गया है।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़