CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ फिर करेंगे प्रदर्शन, किसी बॉण्ड पर दस्तखत नहीं किए: Abhijeet Deepke

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने नागपुर में स्पष्ट किया कि उन्होंने दोबारा आंदोलन न करने से जुड़े किसी भी बॉण्ड पर दस्तखत नहीं किए हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने की मांग पर फिर से सड़कों पर उतरने की बात कही। दीपके ने यह टिप्पणी दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत के दौरान जानकारी देने के दावे पर जारी वीडियो के बाद की।

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने रविवार को कहा कि उन्होंने ऐसे किसी बॉण्ड पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं, जिसमें यह कहा गया हो कि वह और कॉजपा के दूसरे नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर दोबारा प्रदर्शन नहीं करेंगे। दीपके ने नागपुर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम फिर से सड़कों पर उतरेंगे। हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से नहीं डरते।’’ इसके बाद वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र के हिंगोली रवाना हो गए।

दीपके ने कहा, ‘‘मुझे सौ बार जेल में डाल दो, हम आपकी तानाशाही से नहीं डरते। हम इस तानाशाही को खत्म करेंगे।’’ कॉजपा के संस्थापक की यह टिप्पणी दिल्ली पुलिस द्वारा एक वीडियो जारी किए जाने के कुछ ही समय बाद आई। पुलिस ने यह वीडियो कॉजपा के इस दावे को खारिज करने के लिए जारी किया था कि 10 अक्टूबर को हिरासत में रहने के दौरान दीपके को उनकी दादी के निधन की जानकारी नहीं दी गई थी।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि उन्हें यह खबर संवेदनशील तरीके से दी गई थी और अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह नगर जाने में सहायता की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने यह प्रस्ताव “ठुकरा दिया”। यह वीडियो दीपके की मां द्वारा दिल्ली पुलिस पर झूठ बोलने का आरोप लगाने के बाद जारी किया गया। उन्होंने आरोप लगाया था कि शनिवार को उनके बेटे को उसकी दादी के निधन की जानकारी नहीं दी गई थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़