‘‘भ्रष्ट और अक्षम’’ बीजद सरकार के सत्ता से बाहर होने पर होगा ओडिशा का विकास: शाह

after-being-out-corrupt-and-incompetent-bjd-government-development-happens-in-odisha-shah

अमित शाह ने दावा किया कि भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से बीजद की रातों की नींद उड़ गई है। उन्होंने कहा कि ओडिशा की जनता को तेज विकास के लिए केन्द्र और राज्य में भाजपा की सरकार बनाने के लिए वोट डालना चाहिए।

मोरदा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को कहा कि ‘‘भ्रष्ट और अक्षम’’ बीजद सरकार के सत्ता से बाहर होने पर ही ओडिशा का विकास हो सकता है। आदिवासी बहुल मयूरभंज लोकसभा क्षेत्र में यहां एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने दावा किया कि देशभर के लोगों ने संकल्प लिया है कि नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनें। भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘मैं 261 लोकसभा क्षेत्रों में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर चुका हूं। पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक, मैं लोगों को ‘मोदी मोदी’ नारे लगाते हुए सुन सकता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह साफ है कि पूरे देश ने मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया है।’’

इसे भी पढ़ें: भाजपा इस बार 2014 से ज्यादा सीटों से सरकार बनाने जा रही है: अमित शाह

शाह ने दावा किया कि भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से बीजद की रातों की नींद उड़ गई है। उन्होंने कहा कि ओडिशा की जनता को तेज विकास के लिए केन्द्र और राज्य में भाजपा की सरकार बनाने के लिए वोट डालना चाहिए। शाह ने पिछली कांग्रेस नीत संप्रग सरकार पर निशाना साधते हुए उस पर पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद से निपटने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एकसाथ हो रहे हैं। चौथे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़