Amarnath Yatra: लगातार बारिश के कारण NH 44 बंद, जम्मू के भगवती नगर से यात्रा स्थगित

Prabhasakshi Image

लगातार बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहने से शनिवार को जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई। उधमपुर जिले में राजमार्ग पर मरम्मत कार्य जारी रहने से श्रद्धालुओं का कोई नया जत्था कश्मीर घाटी के लिए रवाना नहीं किया गया है। श्रद्धालुओं की संख्या कम होने के कारण श्राइन बोर्ड ने पंजीकरण और टोकन वितरण केंद्रों को भगवती नगर शिविर में स्थानांतरित कर दिया है।

जम्मू, एक अगस्त लगातार बारिश के कारण 250 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के लगातार दूसरे दिन भी बंद रहने से शनिवार को जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, उधमपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग के लाढ़ा-समरोली मार्ग पर मरम्मत कार्य जारी होने के कारण जम्मू आधार शिविर से कश्मीर घाटी के लिए श्रद्धालुओं का कोई नया जत्था रवाना नहीं किया गया।

कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले एकमात्र राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा के काफिले के गुजरने के तुरंत बाद दोनों ओर से यातायात रोक दिया गया था। पिछले सप्ताह हुई बारिश से सड़क को हुए नुकसान की मरम्मत के लिए यह कदम उठाया गया था। ताजा बारिश से सड़क कीचड़युक्त और बेहद फिसलन भरी हो गई है जिससे मरम्मत कार्य में बाधा आई है।

रामबन और उधमपुर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। इस बीच, श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) ने जम्मू आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी को देखते हुए यात्रा पंजीकरण और टोकन वितरण केंद्रों को तवी रिवरफ्रंट से भगवती नगर आधार शिविर में स्थानांतरित कर दिया है। तवी रिवरफ्रंट को अमरनाथ यात्रियों के ऑफलाइन पंजीकरण, टोकन वितरण, ई-केवाईसी सत्यापन और आरएफआईडी जारी करने के लिए एक केंद्रीकृत बड़़े केंद्र के रूप में विकसित किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या कम होने के कारण अब इन सभी सुविधाओं को भगवती नगर आधार शिविर में एकीकृत कर दिया गया है। तीन जुलाई को अमरनाथ यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक लगभग 4.5 लाख श्रद्धालु दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित प्राकृतिक हिम शिवलिंग वाली पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं। अमरनाथ यात्रा का समापन 28 अगस्त को होगा, जो इस वर्ष रक्षाबंधन के दिन पड़ रहा है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़