Amit Shah ने Congress पर Vande Mataram के अपमान का आरोप लगाया, देश से माफी की मांग की

Amit Shah
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के निम्बाहेड़ा में आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत वंदेमातरम का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वोट बैंक के लालच में वंदेमातरम को भुला दिया था, जिसके लिए उसे देश की जनता और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय से माफी मांगनी चाहिए। शाह ने निम्बाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

कांग्रेस पर राष्ट्र गीत वंदेमातरम् का अपमान करने का आरोप लगाते हुये केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मांग की कि विपक्षी दल इसके लिए देश की जनता एवं गीत के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर आत्मा से माफी मांगे। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने वोट बैंक की लालच में कांग्रेस ने वंदे मातरम् को भुला दिया था। शाह निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) में अटल गौरव स्मृति समारोह में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

शनिवार को दिल्ली के लालकिले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह का ज़िक्र करते हुए शाह ने कहा कि इस समारोह में इस साल एक बड़ा बदलाव यह था कि आजादी के 80 साल के बाद लाल किले की प्राचीर पर और देश भर में जहां ध्वज वंदन हुआ वहां पर वंदेमातरम् का गायन 80 साल में पहली बार हुआ है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, कांग्रेस ने वंदे मातरम को भुला दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की वह अमर कृति, एक गान के दो शब्द वंदेमातरम्... भारत माता की मैं वंदना करता हूं.. यह बोलते-बोलते हजारों लाखों लोग फांसी के फंदे पर चढ़ गए थे, गोलियां खाई थीं, लाठियां खाईं, कई साल जेल में रहे।

शाह ने कहा, वोट बैंक की लालच में कांग्रेस ने वंदेमातरम् को भुला दिया था। उन्होंने कहा कि यह 150वां साल है वंदेमातरम् के प्राकट्य का... लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री मोदी ने वंदेमातरम् को फिर से एक नया आयुष्य देने का काम किया है। कांग्रेस के मुख्यालय में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘और इनकी निर्लज्जला देखिए।

इसे भी पढ़ें: राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार Goa में Congress कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे मल्लिकार्जुन खरगे

कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय पर वंदेमातरम् का गान हो रहा था। चालू गान में कांग्रेस की नेत्री सोनिया जी ने कांग्रेस अध्यक्ष को गान रोकने का कहा है। हम सब टीवी पर देखते रह गए।’’ उन्होंने कहा, (आजादी के) 80 साल के बाद बंकिम बाबू का यह अमर गान जब फिर से सम्मान प्राप्त कर रहा है... वो भी सोनिया जी को रास नहीं आता है।

सोनिया जी 140 करोड़ की जनता आपको देख रही है। आपके द्वारा किया गया यह पाप इस देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा, कोई स्वप्न में भी कैसे सोच सकता है कि वंदेमातरम का गान अधूरा छोड़ दिया जाए।

कांग्रेसियों को शर्म आनी चाहिए। और जरा सी भी शर्म बची है तो दो हाथ जोड़कर बंकिम बाबू की अमर आत्मा से और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। इससे पहले शाह ने निम्बाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया।

इसे भी पढ़ें: Amit Shah के Alwar दौरे से पहले छात्र हिरासत में, काले झंडे दिखाने की थी तैयारी

उन्होंने देश के विकास में वाजपेयी के योगदान को रेखांकित किया। शाह ने कहा कि वाजपेयी ने कई बड़े फैसले लिए जिनमें पूरे विश्व के दबाव के बावजूद पोखरण में परमाणु परीक्षण कर भारत को परमाणु शक्ति बनाना शामिल है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन वाजपेयी सरकार ने गांवों को सड़कों से जोड़ा, राष्ट्रीय राजमार्ग बनाए और अपने कार्यकाल के दौरान कई पहल शुरू कीं।

शाह ने कहा कि वाजयेपी ने अलग जनजाति कल्याण मंत्रालय बनाने का काम किया।गृह मंत्री ने कहा कि आदिवासी कल्याण के क्षेत्र में हुई प्रगति का प्रमाण द्रौपदी मुर्मू काभारत की राष्ट्रपति चुना जाना है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी ने न सत्ता में रहते हुए सिद्धांत छोड़ा न विपक्ष में रहते हुए ही सिद्धांत छोड़ा। ऐसे विरले कदाचित ही जन्म लेते हैं।

इसे भी पढ़ें: Amit Shah बोले: Karregutta और जम्मू-कश्मीर में अब शान से फहरा राष्ट्रीय ध्वज

इसलिए उन्हें हमेशा अजातशत्रु के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा आदिवासी कल्याण को आगे बढ़ाया है। राज्य की भजनलाल शर्मा सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, भजनलाल शर्मा की सरकार ने, हमने जो वादे किए थे वो सारे वादे पूरे करने की दिशा में बहुत स्पीड से काम चालू किया है।

राज्य में विपक्षी कांग्रेस व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कटाक्ष करते हुए शाह ने कहा, गहलोत जी और उनके विपक्ष के नेता, प्रदेश अध्यक्ष लड़ते रहते हैं। भारतीय जनता पार्टी ... जहां जहां जनता आशीर्वाद देती है जनता की सेवा में लगती है। उपर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नीचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ... ये पांच साल में राजस्थान बहुत आगे बढ़ने वाला है।

इस अवसर पर उन्होंने राजस्थान सरकार के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद थे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़