Amitabh Bachchan की X पर ‘बच गए’ पोस्ट से हलचल, प्रशंसकों ने सुरक्षा से जोड़ा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अभिनेता अमिताभ बच्चन द्वारा सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए दो शब्दों के संदेश ने प्रशंसकों का ध्यान खींचा है। कई उपयोगकर्ताओं ने उनसे इस गूढ़ पोस्ट का संदर्भ स्पष्ट करने का आग्रह किया है। कुछ लोगों ने इसे हाल ही में पकड़े गए शूटरों और उनके आवास के बाहर कथित साजिश से जोड़कर देखा।

अभिनेता अमिताभ बच्चन की ओर से एक्स पर की गई दो शब्दों की गूढ़ पोस्ट ‘‘बच गए’’ ने प्रशंसकों के बीच अटकलों को जन्म दे दिया है जो इसके संभावित अर्थ को लेकर चर्चा कर रहे हैं। बच्चन को जवाब देने वाले कई प्रशंसकों ने उनसे इन शब्दों के पीछे का संदर्भ स्पष्ट करने का अनुरोध किया। उनकी इस पोस्ट को 13 लाख बार देखा गया और इसे कई बार रीपोस्ट किया गया है तथा इस पर कई प्रतिक्रियाएं आई हैं।

कुछ प्रशंसकों ने बच्चन की पोस्ट को विदेश में रह रहे एक गैंगस्टर से जुड़े दो कथित शार्पशूटरों की गिरफ्तारी से जोड़कर देखा। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, उनमें से एक को मुंबई में अपना ठहराव बढ़ाने का निर्देश दिया गया था, ताकि वह बॉलीवुड के एक शीर्ष अभिनेता के आवास के बाहर गोलीबारी की घटना को अंजाम दे सके। बाद में उस अभिनेता की पहचान अमिताभ बच्चन के रूप में हुई।

आरोपियों की पहचान जालंधर निवासी विकास ठाकुर उर्फ विक्की (25) और पंजाब के तरनतारन निवासी दीपक सिंह उर्फ दीप के रूप में हुई है। विशेष प्रकोष्ठ ने खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली और मुंबई में अलग-अलग अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार किया। इस महीने की शुरुआत में, मुंबई पुलिस ने उस ईमेल के बाद हाई अलर्ट जारी किया था, जिसमें बंबई उच्च न्यायालय, बंबई शेयर बाजार (बीएसई), महालक्ष्मी रेसकोर्स और अमिताभ बच्चन के आवास जलसा में बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी।

हालांकि, बाद में यह धमकी झूठी निकली। पुलिस को 23 अक्टूबर को भी इसी तरह का एक ईमेल मिला था। अभिनेता एक नवंबर को रविवार के दिन प्रशंसकों से मिलने के दौरान बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे नजर आए थे, लेकिन बाद में प्रशंसकों से मुलाकात के दौरान उन्होंने इसका इस्तेमाल नहीं किया।

पिछले कुछ महीनों में बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकियां मिल चुकी हैं। जुहू में 18 अक्टूबर को दो हमलावरों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ (36) की कार पर गोलियां चलाई थीं। अभिनेता को इस घटना में कोई खास चोट नहीं आई, जबकि उनके कार चालक और वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति (वीडियो ब्लॉगर) घायल हो गए थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़