हेमंत सोरेन पर अर्जुन मुंडा का पलटवार, बोले- दयनीय स्थिति में झारखंड सरकार, जनता की नजरों में हो गए एक्सपोज

arjun munda
ANI
अंकित सिंह । Aug 2 2022 4:17PM

अर्जुन मुंडा ने कहा कि उन्हें इस बात का एहसास हो गया है कि जनता की नजरों में वे एक्सपोज हो गए हैं। जिस तरीके से उन लोगों के पास बरामदगी भी है, जो घटनाएं सामने आ रही हैं, जिस तरह की चर्चा हो रही है। झारखंड सरकार दयनीय स्थिति में है।

झारखंड की राजनीति दिलचस्प मोड़ पर खड़ी है। झारखंड को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस का दावा तो यह भी है कि झारखंड में भाजपा हमारी सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है। झारखंड के तीन कांग्रेस विधायकों के पास से भारी मात्रा में रुपए बरामद हुए हैं। उसके बाद से सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच वार पलटवार का दौर भी जारी है। इन सबके बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी भाजपा पर कई बड़े आरोप लगाए थे। आज भाजपा की ओर से उनके आरोपों पर पलटवार किया गया है। वर्तमान में केंद्रीय मंत्री और पूर्व में झारखंड के मुख्यमंत्री रहे अर्जुन मुंडा ने हेमंत सोरेन पर पलटवार करते हुए कहा कि वे अब पूरी तरह से एक्सपोज हो गए हैं।

इसे भी पढ़ें: झारखंड को लेकर सियासत तेज, कांग्रेस विधायक के आरोपों को हिमंत के मंत्री ने बताया फर्जी, बोले- CM से नियमित रूप से मिलते रहे जयमंगल

अर्जुन मुंडा का पलटवार

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक अर्जुन मुंडा ने कहा कि उन्हें इस बात का एहसास हो गया है कि जनता की नजरों में वे एक्सपोज हो गए हैं। जिस तरीके से उन लोगों के पास बरामदगी भी है, जो घटनाएं सामने आ रही हैं, जिस तरह की चर्चा हो रही है। झारखंड सरकार दयनीय स्थिति में है। झारखंड विधानसभा में हेमंत सोरेन सरकार पर तमाम तरह के भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर सरकार के इस्तीफे की मांग कर रहे भाजपा के चार विधायकों को विधानसभाध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो ने तीन दिन के लिए सदन से निलंबित कर दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने इस पर कहा कि हेमंत सरकार के कुकृत्यों के खिलाफ जो बोलेगा सरकार उसपर दमनकारी नीति अपनाए गई? यह लगातार सिद्ध होता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा में जनता की आवाज बुलंद करने पर भाजपा के 4 विधायकों को निलंबित करना अत्यंत निंदनीय और लोकतंत्र पर प्रहार है। राज्य सरकार सत्ता के नशे में चूर है।

इसे भी पढ़ें: झारखंड में सरकार गिराने की हो रही कोशिश? हेमंत सोरेन बोले- हम न कभी बीजेपी से डरे थे और न डरेंगे

हेमंत सोरेन का आरोप

हेमंत सोरेन ने भाजपा पर उनकी लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी सत्ता में नहीं होने पर ‘‘पानी से बाहर हुई मछली’’ की तरह हो जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की हालत ऐसी है कि जहां कहीं पार्टी सत्ता में नहीं है वहां पानी से बाहर हुई मछली की तरह है..वह गंदी राजनीति करती है। गैर भाजपा शासित राज्यों का उदाहरण आपके सामने है। सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार को गिराने के प्रयास नए नहीं हैं। भाजपा झारखंड में सत्ता से बाहर होने के बाद से इस तरह के प्रयास कर रही है। हम हर दूसरे दिन इसके बारे में सुनते हैं। इन विधायकों के नवीनतम प्रयास सभी के सामने हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़