Arunachal के Shi-Yomi में सड़क निर्माण विस्फोट से ग्रामीण घायल, निर्माण कंपनी पर FIR दर्ज

Arunachal के Shi-Yomi में सड़क निर्माण विस्फोट से ग्रामीण घायल, निर्माण कंपनी पर FIR दर्ज
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अरुणाचल प्रदेश के शि-योमी जिले में पेने-तातो राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के दौरान चट्टान तोड़ने के लिए किए गए विस्फोट से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र और युवा संगठनों ने बिना सुरक्षा चेतावनी और सायरन के ब्लास्टिंग कराने का आरोप लगाते हुए निर्माण कंपनी के खिलाफ पुलिस जांच की मांग की है। पीड़ित को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए असम के डिब्रूगढ़ भेजा गया है।

अरुणाचल प्रदेश के शि-योमी जिले में सड़क निर्माण के दौरान किए गए विस्फोट में एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने के बाद कई संगठनों ने निर्माण कंपनी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। संगठनों ने रविवार को तातो थाने में दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि विस्फोट के बाद चट्टान का एक टुकड़ा उछल कर ताया याबू नामक व्यक्ति को जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शिकायत के अनुसार, यह घटना 13 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे हुई और उस वक्त याबू यापिक गांव में अपने खेत में काम कर रहे थे।

यह विस्फोट कथित तौर पर पूना हिंदा कंस्ट्रक्शन कंपनी ने किया था, जो पेने-तातो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना का निर्माण कार्य कर रही है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विस्फोट से पहले आसपास के निवासियों और खेतों में काम कर रहे लोगों को सतर्क करने के लिए न तो पर्याप्त चेतावनी दी गई और न ही सायरन बजाए गए या सार्वजनिक घोषणा की गई। इसके अलावा, सुरक्षा के अन्य जरूरी उपाय भी नहीं किए गए।

शिकायत के मुताबिक, घटना में घायल हुए याबू को पहले पड़ोसी पश्चिम सियांग जिले के आलो जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें आगे के इलाज के लिए असम के डिब्रूगढ़ रेफर कर दिया गया। संगठनों ने निर्माण कंपनी से जुड़े एक कनिष्ठ अभियंता की कथित लापरवाही की जांच के साथ ही साइट प्रभारी, विस्फोट कार्य के पर्यवेक्षक, इस कार्य में शामिल कर्मचारियों और अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग की है। शिकायत पर ‘ऑल बोह रामो बोकार स्टूडेंट्स यूनियन’, ‘रामो एरिया यूथ एसोसिएशन’, ‘आदि स्टूडेंट्स यूनियन’ की शि-योमी जिला इकाई और ‘बोह रामो बोकार यूथ एसोसिएशन’ के कार्यकारी सदस्यों ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किए हैं।

तातो थाने के प्रभारी सनी वांगसू ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना के दिन यानी 13 नवंबर को ही पीड़ित के परिवार की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी। उन्होंने बताया कि इसके बाद विभिन्न संगठनों ने 15 नवंबर को अलग से शिकायत दर्ज कराई। वांगसू ने कहा कि संगठनों की ओर से बाद में दी गई शिकायतों को पहले से दर्ज प्राथमिकी में शामिल किया जाएगा।

इस मामले में ‘पूना हिंदा कंस्ट्रक्शन कंपनी’ के उप परियोजना प्रबंधक के. पाडू से प्रतिक्रिया लेने के लिए कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़