असम सरकार उठाएगी Jadav Payeng के इलाज का पूरा खर्च, मंत्री ने अस्पताल में जाना हाल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पर्यावरण और वन मंत्री जयंत मल्ल बरुआ ने जोरहाट मेडिकल कॉलेज पहुंचकर पद्मश्री जादव पायेंग के स्वास्थ्य की जानकारी ली। तेज बुखार और ऑक्सीजन स्तर घटने पर पायेंग को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने अब उनकी हालत स्थिर बताई है। राज्य सरकार उनके पूरे उपचार का खर्च वहन करेगी।

गुवाहाटी, तीन अक्टूबर असम के पर्यावरण और वन मंत्री जयंत मल्ल बरुआ ने सांस लेने में परेशानी के कारण जोरहाट के एक अस्पताल में भर्ती ‘भारत के वन पुरुष’ जादव पायेंग से शनिवार को मुलाकात की। पद्मश्री से सम्मानित पायेंग (66) को तेज बुखार के बाद बृहस्पतिवार को जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि उनकी हालत अब स्थिर है।

बरुआ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान दोबारा खोले जाने के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मैंने ‘भारत के वन पुरुष’ के नाम से मशहूर पद्मश्री जादव पायेंग से जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि उन्होंने पायेंग का इलाज कर रहे चिकित्सकों और जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक से उनके इलाज के बारे में चर्चा की। बरुआ ने कहा, पेड़ लगाने और सामाजिक वानिकी के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को दुनियाभर में पहचान मिली है।

मैं उनके जल्द स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं। बाद में बरुआ ने पत्रकारों को बताया कि राज्य सरकार पायेंग के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी। चिकित्सकों ने इससे पहले बताया था कि तेज बुखार के बाद उनके शरीर में ऑक्सीजन का स्तर कम हो गया था और उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी।

इसके बाद उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती किया गया था।

All the updates here:

अन्य न्यूज़