Jammu and Kashmir में 10 जिलों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी

Avalanche warning
प्रतिरूप फोटो
Google Creative Commons

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा और कुपवाड़ा जिलों के लिए ‘‘उच्च खतरे’’ वाले जबकि बारामुला और गांदेरबल जिलों के लिए ‘‘मध्यम खतरे’’ के हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।

जम्मू-कश्मीर के अधिकारियों ने शुक्रवार को उन 10 जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की, जहां पिछले 48 घंटों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा और कुपवाड़ा जिलों के लिए ‘‘उच्च खतरे’’ वाले जबकि बारामुला और गांदेरबल जिलों के लिए ‘‘मध्यम खतरे’’ के हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। एसडीएमए के अधिकारियों ने कहा, ‘‘अगले 24 घंटों में बांदीपोरा और कुपवाड़ा जिलों के 2,000 मीटर से ऊपर के क्षेत्र में उच्च स्तरीय खतरे के साथ हिमस्खलन की आशंका है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगले 24 घंटों में बारामुला और गांदेरबल जिलों के 2,000 मीटर से ऊपर के क्षेत्र में मध्यम स्तरीय खतरे के साथ हिमस्खलन की आशंका है।’’ उन्होंने कहा कि अनंतनाग, डोडा, किश्तवाड़, कुलगाम, पुंछ और रामबन में समुद्र तल से 2,000 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में भी ‘‘कम खतरे’’ वाले हिमस्खलन की आशंका है। अधिकारियों ने कहा कि इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और हिमस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी गई है। सोनमर्ग जिले के गांदेरबल में एक निर्माण कंपनी की साइट पर हुए हिमस्खलन में बृहस्पतिवार को किश्तवाड़ के निवासी दो मजदूरों की मौत हो गई थी। पिछले 48 घंटों में कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी हिमपात हुआ है। जबकि घाटी के मैदानी इलाकों में शुक्रवार सुबह से बर्फबारी शुरू हुई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़