बाबरी मस्जिद मामला: कल्याण सिंह ने कहा- कांग्रेस के इशारे पर दर्ज हुआ मुकदमा

Kalyan Singh

भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह ने कहा कि उस समय केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी इसलिए राजनीतिक विद्वेष के कारण मेरे उपर निराधार और गलत आरोप लगाकर केन्द्र सरकार के इशारे पर मुकदमा चलाया गया।

लखनऊ। भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह ने बाबरी मस्जिद ढहाये जाने के मामले में तत्कालीन केन्द्र की कांग्रेस सरकार पर सोमवार को आरोप लगाया कि उसके इशारे पर मुकदमा चलाया गया और राजनैतिक विद्वेष के चलते उन्हें गलत फंसाया गया। बाबरी मस्जिद ढहाये जाने के मामले की सुनवायी कर रही सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष पेश होने के बाद अदालत परिसर से निकलते हुए कल्याण सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि उस समय केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी इसलिए राजनीतिक विद्वेष के कारण मेरे उपर निराधार और गलत आरोप लगाकर केन्द्र सरकार के इशारे पर मुकदमा चलाया गया। 

इसे भी पढ़ें: बाबरी विध्वंस मामले में सीबीआई अदालत में बयान दर्ज कराने पहुंचे भाजपा नेता कल्याण सिंह 

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री होने के नाते मैंने और मेरी सरकार ने अयोध्या स्थित विवादित ढांचे की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किये थे तथा उक्त ढांचे की सुदृढ सुरक्षा की दृष्टि से त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके 88 वर्षीय कल्याण सिंह ने कहा कि समय समय पर संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को विवादित ढांचे की सुरक्षा हेतु स्थिति के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये थे। उन्होंने कहा, इस प्रकरण में तत्कालीन केन्द्र की कांग्रेस सरकार के इशारे पर राजनैतिक विद्वेष से मेरे उपर झूठे और निराधार आरोप लगाकर मुझे गलत फंसाया गया है। मैं निर्दोष हूं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़