Bengaluru में कारोबारी चरण गौड़ा मर्डर केस सुलझा, 5 गिरफ्तार

Bengaluru में कारोबारी चरण गौड़ा मर्डर केस सुलझा, 5 गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

बेंगलुरु के येलाहांका में जमीन कारोबारी चरण गौड़ा की पत्नी के सामने हुई हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़ा है। जांच में सामने आया कि उनके पूर्व सहयोगी किरण कुमार ने 30 लाख रुपये की सुपारी देकर यह वारदात करवाई थी। वित्तीय विवाद के कारण भाड़े के दो हमलावरों ने कार्यालय के बाहर चरण पर हमला किया था।

बेंगलुरु में पिछले हफ्ते एक जमीनी संपत्ति कारोबारी की उसकी पत्नी के सामने कर दी गयी हत्या के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार जांचकर्ताओं का कहना है कि यह हत्या कथित तौर पर कारोबारी के एक पूर्व दोस्त ने पैसों के विवाद को लेकर रची थी।

पुलिस ने सोमवार को कहा कि आरोपियों की पहचान किरण कुमार (40), किरण गौड़ा (24), आकाश (19), लोकेश ए (47) और रुद्रेश एम वी (39) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक जमीनी संपत्ति कारोबारी चरण गौड़ा की हत्या कर दी गयी थी और इस हत्याकांड की साजिश उनके सहयोगी रहे किरण कुमार ने वित्तीय विवाद के चलते रची थी। दोनों दो साल पहले से इसी विवाद के कारण एक दूसरे से अलग हो गये थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि किरण कुमार ने कथित तौर पर अपने दोस्त रुद्रेश से संपर्क किया, जिसने लोकेश नाम के एक बिचौलिए के ज़रिए हत्या का इंतज़ाम किया। पुलिस के अनुसार, यह हत्या भाड़े के हत्यारों - किरण गौड़ा और आकाश - ने की थी। पुलिस ने बताया कि इस हत्या की साजिश 30 लाख रुपये में रची गई थी, जिसमें से 15 लाख रुपये कथित तौर पर पहले ही उन दोनों हत्यारों को दे दिए गए थे।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को येलाहांका में 40 वर्षीय चरण की अज्ञात हमलावरों ने उनके दफ्तर के पास उनकी पत्नी के सामने ही हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि चन्नापटना तालुक के चरण, येलहंका में कोगिलु के पास अपने परिवार के साथ रहते थे। यह घटना तब हुई जब चरण और उनकी पत्नी कार से उनके दफ्तर पहुंचे।

उनकी पत्नी गाड़ी से उतरकर दफ्तर की ओर गईं, इसी बीच मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने चरण पर जानलेवा हथियारों से हमला कर दिया। उस समय वह अपने मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि येलाहंका न्यू टाउन थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है, और इस घटना के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़