Gurdaspur में Punjab Police के हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या

Gurdaspur में Punjab Police के हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पंजाब के गुरदासपुर में रविवार रात अज्ञात हमलावरों ने 42 वर्षीय पुलिस हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। सोशल मीडिया पर एक संगठन द्वारा जिम्मेदारी लिए जाने के दावे की पुलिस जांच कर रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है।

पंजाब के गुरदासपुर में अज्ञात हमलावरों ने 42 वर्षीय पुलिस हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वर्ष राज्य में हमलों में छह पुलिसकर्मियों की मौत हुयी है। मृतक के परिजनों को रविवार रात कुमार का खून से लथपथ शव बाईपास इलाके के पास मिला।

पुलिस ने कहा कि वह सोशल मीडिया पर एक संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (टीटीएच) द्वारा इस हत्या की जिम्मेदारी लिए जाने के दावे की जांच कर रही है। यह संगठन पहले भी कम से कम दो पुलिसकर्मियों की हत्या की जिम्मेदारी ले चुका है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हेड कांस्टेबल की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि के अलावा एक करोड़ रुपये की बीमा राशि देने की घोषणा की।

मृतक के परिजनों के मुताबिक, कुमार प्रशिक्षण के सिलसिले में संगरूर गए थे और वहां से लौटते समय उन्होंने रविवार रात करीब नौ बजे अपने भाई को फोन किया था और बाईपास इलाके से उन्हें घर ले जाने को कहा था। भाई ने बताया कि बस अड्डे पर पहुंचने के बाद उन्होंने कुमार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कुमार के परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।

एक घंटे से अधिक समय के बाद उन्हें बाईपास इलाके के पास उनका शव मिला। इस घटना से जुड़ा एक कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें विनोद कुमार सड़क पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान चेहरे ढक कर वहां मोटरसाइकिल पर आए दो युवक उनके पास से गुजरे और कुछ दूरी पर जाकर अपना वाहन रोक लिया।

इसके बाद मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक को उन्हें लिफ्ट की पेशकश करते सुना जा सकता है, जिसके बाद कुमार बाइक पर दोनों युवकों के बीच में बैठ गए। पुलिस ने बताया कि बाद में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) पी के सिन्हा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘उन्हें गोली लगी थी।’’ पुलिस ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और गुत्थी सुलझाने के लिए विभिन्न टीम तैनात की गई हैं।

कुमार पठानकोट के सुजानपुर में तैनात थे। उनके परिजनों ने दावा किया कि जिस स्थान से शव बरामद हुआ, वहां से उनका बैग और बटुआ गायब था। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

उनके अनुसार कुमार के सिर पर चोट के निशान थे। इस हत्या से पहले इस वर्ष पंजाब पुलिस के पांच कर्मी मारे जा चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इस घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक करार दिया।

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी हेड कांस्टेबल की हत्या को लेकर आप सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पूछा, ‘‘यदि एक पुलिसकर्मी की हत्या हो सकती है, तो आम पंजाबी सुरक्षित रहने की उम्मीद कैसे कर सकते हैं।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़