पंजाब में 2027 चुनाव विकास के मुद्दों पर लड़ेगी AAP, Bhagwant Mann ने तरनतारन में किया एलान

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पंजाब के मुख्यमंत्री ने तरनतारन के सभरा गांव में लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव जनकल्याण और ठोस नतीजों के आधार पर लड़े जाएंगे। उन्होंने कृषि सुधारों का हवाला देते हुए युवाओं को राज्य में ही शिक्षा और रोजगार देने पर जोर दिया। इसके साथ ही सामान्य परिवारों के बच्चों के लिए मुफ्त यूपीएससी कोचिंग केंद्र शुरू करने की घोषणा की गई।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी (आप) के ‘‘सुशासन के एजेंडे और पूर्ववर्ती सरकारों की राजनीति’’ के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए सोमवार को कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव जनकल्याण, विकास और ठोस परिणामों के मुद्दों पर लड़े जाएंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मान ने कृषि क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया, जिनमें नहर के पानी का उपयोग 22 प्रतिशत से बढ़ाकर 88 प्रतिशत करना और 14,000 किलोमीटर भूमिगत पाइपलाइन बिछाना शामिल है। इसके साथ ही, उन्होंने सामान्य परिवारों के बच्चों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) का अधिकारी बनने में मदद करने के लिए निःशुल्क कोचिंग केंद्र खोलने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता पंजाब के भीतर ही रोजगार और शिक्षा के अवसर पैदा करना है ताकि राज्य के युवाओं को विदेश पलायन करने के लिए मजबूर न होना पड़े। पट्टी विधानसभा क्षेत्र के सभरा गांव में ‘लोक मिलनी’ (जनसंवाद) कार्यक्रम के दौरान मान ने सख्त ‘जागत जोत सत्कार संशोधन अधिनियम’ के माध्यम से धार्मिक भावनाओं की रक्षा करने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और विश्वास जताया कि माझा क्षेत्र के लोग 2027 में ‘आप’ को प्रचंड जनादेश देंगे। माझा क्षेत्र में तरनतारन और अमृतसर जैसे जिले शामिल हैं।

एक सभा को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि ‘लोक मिलनी’ कोई राजनीतिक रैली नहीं है, बल्कि लोगों के जीवन, चिंताओं और आकांक्षाओं पर चर्चा करने का एक अवसर है। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने बारी-बारी से पंजाब पर शासन किया, लेकिन कभी भी यहां के लोगों के हित में काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक परिवारों ने माझा क्षेत्र का आर्थिक और धार्मिक रूप से शोषण किया, जिससे यहां के लोगों को पीढ़ियों तक कष्ट झेलना पड़ा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़