Bihar: कांग्रेस के सभी उम्मीदवार घोषित, समस्तीपुर में नीतीश के 2 मंत्रियों के बेटा-बेटी में भिड़ंत, पटना साहिब से मीरा कुमार के पुत्र को टिकट

sonia kharge
ANI
अंकित सिंह । Apr 23 2024 6:51PM

2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अपनी नवीनतम सूची में कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के बेटे आकाश महाराजगंज से मैदान में हैं। उन्होंने पांच साल पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के टिकट पर पूर्वी चंपारण से असफल शुरुआत की थी।

कांग्रेस ने बिहार के लिए अपने सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने बिहार के मुजफ्फरपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा से आए अजय निषाद को मैदान में उतारा है। वहीं पटना साहिब संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद के खिलाफ पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के पुत्र अंशुल अविजित को उम्मीदवार घोषित किया है। मुजफ्फरपुर सीट से दो बार सांसद रहे अजय भारतीय जनता पार्टी द्वारा उन्हें हटाए जाने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए। 

इसे भी पढ़ें: 35.23 करोड़ रुपये की संपत्ति, बेटी बॉलीवुड में एक्टर , आइये जानिए भागलपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अजीत शर्मा के बारे में

2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अपनी नवीनतम सूची में कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के बेटे आकाश महाराजगंज से मैदान में हैं। उन्होंने पांच साल पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के टिकट पर पूर्वी चंपारण से असफल शुरुआत की थी। कुशवाहा तब 'महागठबंधन' के साथ थे लेकिन अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में वापस आ गए हैं। बिहार के मंत्री और जद (यू) नेता महेश्वर हजारी के बेटे सनी एलजेपी की शांभवी चौधरी के खिलाफ कांग्रेस के टिकट पर आरक्षित समस्तीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। शांभवी मंत्री और जदयू नेता अशोक चौधरी की बेटी हैं। महेश्वर हजारी और अशोक चौधरी दोनों नीतीश कुमार के बहद करीबी हैं। ऐसे में समस्तीपुर की लड़ाई दिलचस्प होती दिखाई दे रही है। 

सनी और शांभवी पहली बार चुनावी मैदान में हैं। बीजेपी के गढ़ पश्चिम चंपारण से कांग्रेस ने पूर्व विधायक मदन मोहन तिवारी को मैदान में उतारा है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल इस निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं। लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार बिहार की सासाराम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ती रहीं हैं और इस बार वह चुनावी मैदान में नहीं हैं। उनके पुत्र अविजित कांग्रेस के प्रवक्ता भी हैं। मीरा कुमार ने सासाराम का चार बार प्रतिनिधित्व किया है। इस बार कांग्रेस ने इस सीट से मनोज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। अविजित पटना साहिब लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद को चुनौती देंगे। 

इसे भी पढ़ें: 'नहीं चाहिए देशद्रोहियों और पाकिस्तान परस्त लोगों का वोट', शिकायत के बाद भी Giriraj Singh ने फिर दिया बयान

बिहार में कांग्रेस ने कुछ वरिष्ठ नेताओं को टिकट देने के साथ ही कई सीटों पर नए चेहरों और दूसरे दलों से आए नेताओं पर दांव लगाया है जिसको लेकर पार्टी में स्थानीय स्तर पर कुछ नेताओं द्वारा सवाल भी खड़े किए जा रहे हैं। कांग्रेस बिहार में महागठबंधन के तहत कुल नौ सीट पर चुनाव लड़ रही है। उसने इन सभी नौ सीट पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस ने कटिहार से पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर, किशनगंज से वर्तमान सांसद मोहम्मद जावेद और भागलपुर से कांग्रेस विधायक दल के पूर्व नेता अजीत शर्मा को टिकट दिया है। बिहार प्रदेश कांग्रेस के नेता किशोर कुमार झा का कहना है कि पार्टी ने कई सीटों पर दूसरे दलों से आए नेताओं को टिकट दिया है जिससे कार्यकर्ता निराश हैं। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़