फर्नांडिस के निधन पर नीतीश ने जताया दुख, दो दिवसीय राजकीय शोक का ऐलान

bihar-announces-two-day-state-mourning-for-george-fernandes
[email protected] । Jan 29 2019 2:00PM

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जॉर्ज फर्नांडिस के रूप में देश ने बड़ी राजनीतिक शख्सियत के साथ ही प्रखर वक्ता, चिंतक, विचारक और करिश्माई व्यक्तित्व को खो दिया है।

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व रक्षा मंत्री, प्रख्यात समाजवादी एवं प्रखर मजदूर नेता जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर शोक प्रकट किया है। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री के निधन पर बिहार सरकार ने दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में नीतीश ने अपने शोक संदेश में कहा है कि जॉर्ज फर्नांडिस के रूप में देश ने बड़ी राजनीतिक शख्सियत के साथ ही प्रखर वक्ता, चिंतक, विचारक और करिश्माई व्यक्तित्व को खो दिया है। जॉर्ज फर्नांडिस श्रमिक संगठन के पूर्व नेता तथा पत्रकार थे।

इसे भी पढ़ें: नहीं रहे वरिष्ठ समाजवादी नेता और पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में समता पार्टी का गठन किया गया था। वह केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में रक्षा मंत्री, संचार मंत्री, उद्योग मंत्री, रेलमंत्री आदि के रूप में कार्य कर चुके थे। फर्नांडिस ने उच्च राजनीतिक मूल्यों एवं आदर्श की बदौलत सार्वजनिक जीवन में उच्चस्थ शिखर को प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि फर्नांडिस ने अपने व्यक्तित्व की बदौलत राजनीतिक सीमाओं के परे सभी विचारधारा के राजनीतिक दलों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। उन्होंने अपने जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोपरि रखा। उन्होंने हमेशा साम्प्रदायिक सौहार्द एवं सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

इसे भी पढ़ें: ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री चैतन्य प्रसाद माझी का लंबी बीमारी के बाद निधन

मुख्यमंत्री ने फर्नांडिस के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुये कहा है कि उनके निधन से उन्होंने अपना अभिभावक खो दिया है। फर्नांडिस के निधन पर बिहार सरकार ने दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा सभी को इस दुःख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़