जेपी नड्डा की मतदाताओं से अपील, बोले- कोरोना से बचाव करते हुए लोकतंत्र के महापर्व में जरूर लें हिस्सा

JP Nadda

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनावों के लिए आज पहले चरण का मतदान हो रहा है। आप का मत ही लोकतंत्र में आपकी सबसे सबसे बड़ी ताकत है।

नयी दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के मद्देनजर लोगों से कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के सभी उपायों को अपनाते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘बिहार विधानसभा चुनावों के लिए आज पहले चरण का मतदान हो रहा है। आप का मत ही लोकतंत्र में आपकी सबसे सबसे बड़ी ताकत है। मेरा सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि कोविड सम्बन्धी सावधानियों का ध्यान रखते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में जरूर हिस्सा लें।’’ 

इसे भी पढ़ें: महागठबंधन की प्रेस वार्ता: तेजस्वी ने उठाए सवाल, पूछा- मुंगेर में पुलिस को जनरल डायर बनने की अनुमति किसने दी 

बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 16 जिलों के 71 विधानसभा क्षेत्रों के लिए कड़ी निगरानी और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। पहले चरण के मतदान में करीब दो करोड़ 14 लाख 84 हजार 787 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष ने भी लोगों से कोरोना को परास्त कर लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी सुनिश्चित करते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील की। 

इसे भी पढ़ें: राहुल ने बिहार की जनता से की अपील, कहा- न्याय, रोज़गार, किसान-मज़दूर के लिए करें महागठबंधन को वोट 

उन्होंने ट्वीट कर कहा कि बिहार की 71 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। कोविड-19 महामारी के बीच यह पहला आम चुनाव हो रहा है। महामारी को परास्त कर लोकतंत्र के महापर्व का उत्सव मनाएं। सुरक्षित रहिए लेकिन बड़ी संख्या में मतदान करिए। विश्वसनीय नेतृत्व और बढ़िया काम करने वालों के गठबंधन राजग को मतदान करें। बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होना है। दूसरे और तीसरे चरण का मतदान क्रमश: तीन और सात नवम्बर को होगा। नतीजे 10 नवम्बर को घोषित किए जाएंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़