जबलपुर में लावारिस कार से 68 लाख रुपये का गांजा जब्त, पुलिस ने शुरू की चालक की तलाश

जबलपुर में लावारिस कार से 68 लाख रुपये का गांजा जब्त, पुलिस ने शुरू की चालक की तलाश
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मध्यप्रदेश के जबलपुर में भेडाघाट थाना पुलिस ने एक लावारिस काले रंग के वाहन से 136.84 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। नहर के पास कच्चे रास्ते पर मिली इस गाड़ी का टायर फटा हुआ और खिड़की का कांच टूटा था। पुलिस ने एनडीपीएस कानून के तहत मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

मध्यप्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने मंगलवार को बिना नंबर प्लेट की एक गाड़ी से तकरीबन 68 लाख रुपये मूल्य का 136 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि भेडाघाट थाना क्षेत्र के चौकीताल लम्हेटा मोड़ से नहर के पास कच्चे रास्ते में काले रंग की एक गाड़ी खडी होने की सूचना मिली थी और जब पुलिस ने जाकर इसकी जांच की तो उसमें भारी मात्रा में गांजा मिला।

भेडाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया ने बताया कि गाड़ी के पीछे वाली सीट की एक खिड़की का कांच टूटा हुआ था और वाहन के पीछे की तरफ का बाईं तरफ का टायर फटा हुआ था। उन्होंने बताया कि गाड़ी की जांच की गई तो उसमें 12 पैकेट में 136.84 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसका बाजार मूल्य करीब 68.42 लाख रुपये है। चौरिया ने बताया कि पुलिस ने मादक पदार्थ पर रोकथाम से संबंधित ‘एनडीपीएस’ कानून के तहत मामला दर्ज कर चालक के संबंध में तलाशी प्रारंभ कर दी है।

एक अन्य मामले में जिले की घमापुर पुलिस ने 40 वर्ष की एक महिला के पास से 1.7 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसका बाजार मूल्य 50,000 रुपये है। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़