Congress के भारत शिखर सम्मेलन में Guillaume Long के आमंत्रण पर BJP ने राहुल गांधी से मांगा जवाब

हैदराबाद में तेलंगाना सरकार के भारत शिखर सम्मेलन 2026 में इक्वाडोर के पूर्व विदेश मंत्री गुइल्युम लॉन्ग को वक्ता बनाने पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सोरोस समर्थित नेटवर्कों से जुड़े लोगों को मंच देकर कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि सम्मेलन में 70 देशों के विशेषज्ञ वैश्विक व्यवस्था और संघवाद पर चर्चा करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कांग्रेस से सवाल किया कि उसने हैदराबाद में आयोजित अपने ‘भारत शिखर सम्मेलन 2026’ में गुइल्युम लॉन्ग को क्यों आमंत्रित किया। सत्तारूढ़ पार्टी ने विपक्षी पार्टी पर यह भी आरोप लगाया कि वह ऐसे लोगों को मंच दे रही है, जो उन अंतरराष्ट्रीय नेटवर्कों से जुड़े हैं जो भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करना चाहते हैं। खबरों के अनुसार, इक्वाडोर के पूर्व विदेश मंत्री गुइल्युम लॉन्ग को तेलंगाना में कांग्रेस सरकार द्वारा आयोजित ‘भारत शिखर सम्मेलन 2026’ में वक्ताओं में से एक के रूप में सूचीबद्ध किया गया था।
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस को जवाब देना चाहिए: हैदराबाद में अपने ‘भारत सम्मेलन 2026’ में गुइल्युम लॉन्ग को आमंत्रित करने के पीछे उसका क्या एजेंडा है? लॉन्ग सीईपीआर में वरिष्ठ शोधार्थी हैं। बताया जाता है कि सीईपीआर को 2021 में जॉर्ज सोरोस समर्थित ‘ओपन सोसाइटी पॉलिसी सेंटर’ से 4,20,000 डॉलर का अनुदान मिला था।’’ अग्रवाल ने मार्च 2025 में बेंगलुरु के आठ ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की गई तलाशी का भी जिक्र किया।
यह कार्रवाई ‘ओपन सोसाइटी फाउंडेशन’ और उसके लाभार्थियों से कथित तौर पर जुड़ी थी, और इसका संबंध विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा)के संभावित उल्लंघन से बताया गया है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘गुइल्सुम लॉन्ग जैसे लोगों को आमंत्रित करके, क्या राहुल गांधी भारत-विरोधी एजेंडे के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं?’’ अग्रवाल ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस ‘सत्ता परिवर्तन’ के नाम पर अंतरराष्ट्रीय ताकतों को एकजुट कर रही है, ताकि भारत के लोकतांत्रिक जनादेश पर सवाल उठाए जा सकें और इसके लोकतांत्रिक व संवैधानिक संस्थानों को कमजोर किया जा सके। भाजपा नेता ने कहा,‘‘क्या इस जमावड़े के पीछे कोई बड़ा राजनीतिक एजेंडा है?
राहुल गांधी को देश को जवाब देना चाहिए। ऐसे लोगों और नेटवर्क को मंच उपलब्ध कराने के पीछे कांग्रेस का क्या उद्देश्य है?’’ उन्होंने ‘भारत विरोधी कांग्रेस’हैशटैग इस्तेमाल करते हुए लिखा, ‘‘भारत का लोकतंत्र जनता के जनादेश से मजबूत होता है, न कि इसे कमजोर करने की कोशिश करने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से।’’ भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘एक्स’ पर एक अलग पोस्ट में आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस का घिनौना विमर्श बेनकाब हो गया है! कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘भारत समिट 2026’ के वक्ताओं में ऐसे लोग शामिल हैं, जिनके जॉर्ज सोरोस समर्थित नेटवर्कों से संबंध हैं और जिनका भारत-विरोधी बयान देने का पुराना रिकॉर्ड रहा है।’’ गुइल्यूम लॉन्ग का जिक्र करते हुए, भंडारी ने उन्हें ‘द हेग ग्रुप’ में वरिष्ठ राजनयिक परामर्शदाता और सीईपीआर में वरिष्ठ शोधार्थी बताया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि सीईपीआर का संबंध जॉर्ज सोरोस समर्थित ‘ओपन सोसाइटी’ के वित्तपोषण से रहा है। भंडारी के मुताबिक वक्ताओं में ओपन सोसाइटी फाउंडेशन्स के पूर्व अध्यक्ष पैट्रिक गैस्पर्ड का नाम भी शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लोकतंत्र के बारे में उपदेश देते हुए, भारत की राजनीतिक चर्चा में ‘सत्ता परिवर्तन’कराने वालों को लाना चाहते हैं।कांग्रेस ने कहा है कि इस कार्यक्रम में 70 देशों के विशेषज्ञ शामिल होंगे।
वे एक नयी वैश्विक व्यवस्था के उभरने और इन घटनाक्रमों पर भारत की रणनीतिक प्रतिक्रियाओं के साथ-साथ सहकारी संघवाद और चुनावी अखंडता जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि हैदराबाद में आयोजित ‘भारत शिखर सम्मेलन’ के लिए नामित 315 वक्ताओं में से विदेश मंत्रालय ने 115 के या तो भारत में प्रवेश करने से रोक दिया है या उनके वीज़ा रद्द कर दिए हैं। विदेश मंत्रालय ने आरोपों पर शुक्रवार को कहा कि वीजा से जुड़े मामले किसी भी सरकार के ‘संप्रभु कार्य’ होते हैं।
अन्य न्यूज़














