Live

Budget Session 2026 Live Updates । लोकसभा में विपक्ष का 'हल्ला बोल', नारों के शोर में डूबा सदन, Speaker Om Birla ने जताई नाराजगी

Budget Session 2026 Live Updates
X
एकता । Feb 4 2026 2:31PM

लोकसभा में विपक्षी दलों ने सांसद निलंबन और निशिकांत दुबे के बयानों जैसे मुद्दों पर भारी हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही को बार-बार स्थगित करना पड़ा और महत्वपूर्ण विधायी कार्य बाधित हुए।

लोकसभा में विपक्षी दलों के भारी हंगामे के कारण बुधवार को सदन की कार्यवाही को बार-बार रोकना पड़ा। विपक्षी सांसद भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बयानों, पूर्व सेना प्रमुख एम.एम. नरवणे की किताब से जुड़े विवाद और अपने 8 साथियों के निलंबन का विरोध कर रहे थे। जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई, तो विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष के पास पहुँच गए। इस शोर-शराबे के बीच वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने अपना बयान पढ़ा, लेकिन हंगामा कम न होने के कारण सदन को शाम 5 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों के इस व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सदन की मर्यादा और परंपराओं को तोड़ना लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। उन्होंने विपक्षी नेताओं को समझाते हुए कहा कि विरोध करने का तरीका नियम और तर्कों के साथ होना चाहिए, न कि नारेबाजी और बैनर दिखाकर। अध्यक्ष ने जोर दिया कि वरिष्ठ नेताओं को सदन के नियमों का पालन करना चाहिए, लेकिन हंगामे में कोई कमी नहीं आई, जिसके कारण प्रश्नकाल और अन्य जरूरी काम ठीक से नहीं हो सके।

All the updates here:

 Today

15:47

Lok Sabha में Nehru पर Nishikant Dubey की टिप्पणी से बवाल

बुधवार को लोकसभा में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा अपने भाषण के दौरान की गई एक विवादास्पद टिप्पणी पर विपक्षी सदस्यों ने हंगामा किया। कुछ पुस्तकों का हवाला देते हुए दुबे ने पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी पर टिप्पणी की, जिससे कांग्रेस पार्टी नाराज हो गई। बाद में कांग्रेस सांसद स्पीकर ओम बिरला के कार्यालय में दुबे के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचे, जिसके चलते संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू समेत भाजपा सांसदों के साथ उनकी बहस हो गई। दुबे भी वहां मौजूद थे।

 Today

15:31

नरवणे के ‘संस्मरण’ की प्रति लेकर संसद पहुंचे राहुल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण की एक प्रति लेकर संसद पहुंचे और इसके एक अंश का हवाला देते हुए दावा किया कि जब चीन के टैंक भारत की सीमा की तरफ बढ़ रहे थे, उस वक्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन नहीं किया था। उनका कहना था कि यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सदन में आते हैं तो वह यह पुस्तक उन्हें भेंट करेंगे। 

 Today

15:31

भाजपा सदस्यों ने आंतरिक सुरक्षा पर सरकार के रुख की सराहना की

राज्यसभा में मंगलवार को भाजपा सदस्यों ने आंतरिक सुरक्षा मुद्दे पर नरेन्द्र मोदी सरकार के रुख, नक्सलवाद को समाप्त करने के संकल्प और उपेक्षित एवं वंचित लोगों के कल्याण के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की प्रशंसा की। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा सदस्य दीपक प्रकाश ने पूर्व की कांग्रेस सरकारों पर नक्सलवाद को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘सब जानते हैं कि किस सरकार ने नक्सलवाद को संरक्षण दिया। उन्होंने खाद और पानी देकर इस विषैले पेड़ को पनपने में मदद की। परिणामस्वरूप, उनके कार्यकाल में 126 जिले नक्सलवाद से प्रभावित हुए... आज नक्सलवाद तीन जिलों तक सीमित रह गया है और इसका पूरा श्रेय नरेन्द्र मोदी और अमित शाह को जाता है।’’ 

 Today

15:31

वाणिज्य मंत्री की प्रेस वार्ता सदन की परंपरा का उल्लंघन: कांग्रेस

राज्यसभा में बुधवार को कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल द्वारा सत्र के दौरान संसद के बाहर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर प्रेस वार्ता करने पर चिंता व्यक्त की। तिवारी ने शून्यकाल के दौरान नियम 258 का हवाला देते हुए कहा, “सदन नियमों और परंपराओं के अनुसार चलता है। सदन की परंपरा रही है कि जब संसद का सत्र चल रहा हो, तो नीतिगत मुद्दों को सदन के बाहर नहीं उठाया जा सकता। हालांकि, कल वाणिज्य मंत्री ने व्यापार समझौते पर प्रेस वार्ता की।” सभापति सी पी राधाकृष्णन ने व्यवस्था के प्रश्न को खारिज करते हुए कहा कि मंत्री को बुधवार को ही सदन में इस मुद्दे पर बयान देना था। उन्होंने कहा, “मंत्री आज बयान देने वाले हैं, इसलिए व्यवस्था का कोई प्रश्न नहीं है।” 

 Today

15:30

भाजपा का TMC पर वार

केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याण की योजनाओं को पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस द्वारा लागू न किए जाने का दावा करते हुए राज्यसभा में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के सामिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि प्रतिशोध की राजनीति का खामियाजा राज्य की आम जनता भुगत रही है। शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए उच्च सदन में भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल की सरकार केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को राज्य में लागू नहीं कर रही है जिससे वहां के लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा ‘‘प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लिए राज्य में साढ़े सात लाख आवेदक हैं लेकिन योजना लागू नहीं की जा रही है। पश्चिम बंगाल देश में एकमात्र राज्य है जहां ‘आयुष्मान भारत योजना’ लागू नहीं है।

 Today

15:30

सरकार राहुल गांधी को बोलने नहीं दे रही: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को दावा किया कि सरकार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सदन में बोलने नहीं दे रही है क्योंकि वह इस बात को लेकर डरी हुई है कि चीन के साथ सैन्य तनाव के समय की उसकी सच्चाई सामने आ जाएगी। राहुल गांधी ने सोमवार और मंगलवार को लोकसभा में, पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण पर आधारित लेख का हवाला देते हुए चीन से संबंधित मुद्दा उठाने का प्रयास किया था, लेकिन आसन से इसकी अनुमति नहीं मिली। हालांकि, उन्होंने मंगलवार को इस लेख को सत्यापित किया और सदन के पटल पर रखा। 

 Today

15:30

विपक्ष के हंगामे के बीच कार्यवाही स्थगित

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने बुधवार को लोकसभा में कुछ किताबों का जिक्र करते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा और इस पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद शाम पांच बजे तक स्थगित कर दी गई। दो बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे बैठक शुरू हुई तो पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव संबंधी चर्चा शुरू कराई। 

 Today

15:30

तमिलनाडु के मछुआरों को पकड़ने का मुद्दा उठाया गया रास में

तमिलनाडु के मछुआरों को श्रीलंका की नौसेना द्वारा अपने जल क्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में पकड़े जाने पर चिंता जताते हुए द्रविड़ मुनेत्र कषगम के तिरुचि शिवा ने बुधवार को राज्यसभा में कहा कि दो दशकों से अधिक समय से चली आ रही इस समस्या का आज तक कोई समाधान नहीं निकाला जा सका है। शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए शिवा ने कहा कि भारत और श्रीलंका के बीच समुद्र में कोई स्पष्ट सीमा रेखा नहीं है और आए दिन वहां की नौसेना हमारे मछुआरों को अपने जल क्षेत्र में मछली पकड़ने का आरोप लगाते हुए पकड़ लेती है। 

अन्य न्यूज़