कश्मीर में ‘चिल्लई कलां’ खत्म, कई इलाकों में पारा बढ़ा

chillai kala ends in kashmir many areas get mercury

कश्मीर में भारी बर्फबारी के बिना ही 40 दिन का ‘चिल्लई कलां’ आज खत्म हुआ। घाटी में रात के समय न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। ‘चिल्लई कलां’ के दौरान

श्रीनगर। कश्मीर में भारी बर्फबारी के बिना ही 40 दिन का ‘चिल्लई कलां’ आज खत्म हुआ। घाटी में रात के समय न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। ‘चिल्लई कलां’ के दौरान सबसे अधिक बर्फबारी होने की संभावना रहती है। इसबार इसकी शुरूआत और अंत दोनों के दौरान मूसलधार बारिश हुई। पिछले चार दशक में यह सबसे शुष्क कालों में से एक रहा। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि पहलगाम और गुलमर्ग के अलावा घाटी के सभी मौसम केन्द्रों पर न्यूनतम तापमान हिम बिंदू से ऊपर दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि मशहूर स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे और स्वास्थ्य रिजॉर्ट पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख के करगिल में लगातार तीसरी रात न्यूनतम तापमान शून्य से 15.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। निकटवर्ती लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़