लातूर DCCB Election में Dheeraj Deshmukh के सहकार पैनल ने 14 सीटें जीतीं

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

लातूर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के चुनाव में कांग्रेस समर्थित सहकार पैनल ने 19 में से 14 सीटों पर कब्जा कर लिया है। भाजपा नेता संभाजी पाटिल निलंगेकर और विधायक रमेश कराड के परिवर्तन पैनल को 5 सीटें मिलीं। बैंक निदेशक मंडल के इस चुनाव में 99.4 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

कांग्रेस के पूर्व विधायक धीरज देशमुख के नेतृत्व वाले सहकार पैनल ने लातूर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक (डीसीसीबी) के चुनाव में 19 में से 14 सीट पर जीत दर्ज की। चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित किए गए। भाजपा नेता संभाजी पाटिल निलंगेकर और विधायक रमेश कराड के नेतृत्व वाले परिवर्तन पैनल ने पांच सीट पर जीत हासिल की।

निलंगा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता संभाजी पाटिल निलंगेकर के भाई अरविंद पाटिल निलंगेकर ने अपनी रिश्तेदार संगीता अशोक पाटिल निलंगेकर को हराया। वहीं, भाजपा विधायक रमेश कराड के बेटे ऋषिकेश कराड ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गोविंदपुरकर को हराया। धीरज देशमुख ने भी सहकार पैनल के लिए जीत दर्ज की।

राकांपा (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) के दिवंगत पूर्व विधायक चंद्रशेखर भोसले की बेटी प्रीति चंद्रशेखर भोसले ने उडगीर सोसायटी निर्वाचन क्षेत्र से महज 10 वोट के अंतर से जीत हासिल की। राज्य के सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल के दामाद हेमंत जाधव ने भी सहकार पैनल के टिकट पर लातूर से जीत दर्ज की। मत्स्य पालन एवं आवास निर्वाचन क्षेत्र में पैनल के जयेश विश्वंभर माने ने 45 में से 35 वोट हासिल कर निर्णायक जीत दर्ज की।

कांग्रेस नेता धीरज देशमुख ने कहा, ‘‘यह जीत लोगों की सकारात्मक राजनीति को पसंद करने को दर्शाती है। लोकतंत्र में विपक्षी दल महत्वपूर्ण हैं और उन्हें अपनी भूमिका निभाते रहनी चाहिए।’’ उन्होंने बाबासाहेब पाटिल के समर्थन को भी स्वीकार किया और कहा कि विरोध के बावजूद मंत्री ने सहकारिता को प्राथमिकता देने के सिद्धांत के साथ पैनल का साथ दिया। पाटिल सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता हैं।

इस बीच, परिवर्तन पैनल के अरविंद पाटिल निलंगेकर ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पैनल ने उनके समूह के 29 नामांकन पत्रों को अमान्य कराने के लिए अनुचित तरीकों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पैनल ने केवल करीब 150 मतदाताओं के समर्थन से चुनाव लड़ा, फिर भी पांच सीट जीतने में सफल रहा। मतदाता भले ही उनके हों, लेकिन उनके दिल हमारे साथ हैं।’’ सहकार पैनल के विजेताओं में हेमंत जाधव, प्रीति भोसले, आशीष पाटिल राजूरकर, संतोष पाटिल, धीरज देशमुख, जगन्नाथ पाटिल, जयेश माने, सरजेराव मोरे, विवेक सिरसाठ, अविनाश जाधव, शेषेराव हाके, चंद्रशेखर डंडिमे, शीतल पाटिल और गीतांजलि लांडगे शामिल हैं।

परिवर्तन पैनल के विजेताओं में अरविंद पाटिल निलंगेकर, अतुल गंभीर, भगवानराव पाटिल तालेगांवकर, ऋषिकेश कराड और भाजपा विधायक अभिमन्यु पवार की पत्नी शोभा पवार शामिल हैं। लातूर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के निदेशक मंडल के चुनाव में रविवार को 99.4 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले के 10 मतदान केंद्रों पर पंजीकृत 999 मतदाताओं में से 993 ने वोट डाला।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़