कांग्रेस ने अनुसूचित जाति, जनजाति में फूट डालकर सत्ता बचाने का काम किया : विष्णुदत्त शर्मा

Vishnudutt Sharma
दिनेश शुक्ल । Oct 15 2020 11:23PM

शर्मा ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने अनूपपुर की जनता के साथ 15 महीने भेदभाव किया। अनूपपुर को मूलभूत आवश्यकताओं से वंचित रखा। विधानसभा में यहां की जनता से जो वादे किए थे वह पूरे नहीं किए। जबकि शिवराज सरकार ने मात्र 5 महीने के अंदर ही इस क्षेत्र को 302 करोड़ रूपए के विकास कार्यो की सौगात दी है।

भोपाल। कांग्रेस देश में सबसे अधिक सत्ता में रही लेकिन अनुसूचित जाति, जनजाति और अल्पसंख्यकों की भलाई करने के बजाए इन वर्गों में फूट डालने का काम किया। क्योंकि कांग्रेस हमेशा से फूट डालो और राज करो की नीति पर काम करती आयी है। कांग्रेस ने जनजाति वर्ग के वोट लिए लेकिन जनजाति क्षेत्र के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। देश में अगर सबसे पहले जनजाति वर्ग के विकास के लिए अलग से मंत्रालय बनाने का किसी ने काम किया तो वह भारतीय जनता पार्टी की अटल सरकार ने किया। कांग्रेस इस उपचुनाव में फिर से बरगलाने और लुभाने का काम करेगी। लेकिन हमें जागरूक होकर कांग्रेस को करारा जवाब देना है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने अनूपपुर में पार्टी प्रत्याशी, प्रदेश शासन के मंत्री बिसाहूलाल सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

इसे भी पढ़ें: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश नवरात्रि के दौरान प्रदेश में खुले रहेंगे माता मंदिर

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद विष्णुदत्त शर्मा गुरूवार को अनूपपुर में पार्टी प्रत्याशी बिसाहूलाल सिंह के नामांकन रैली में शामिल हुए। केन्द्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, पार्टी उपाध्यक्ष रामलाल रौतेल, प्रदेश शासन की मंत्री सुश्री मीना सिंह विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष अभिलाष पाण्डे एवं जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम इस अवसर पर उपस्थित थे। नामांकन के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। शर्मा ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने अनूपपुर की जनता के साथ 15 महीने भेदभाव किया। अनूपपुर को मूलभूत आवश्यकताओं से वंचित रखा। विधानसभा में यहां की जनता से जो वादे किए थे वह पूरे नहीं किए। जबकि शिवराज सरकार ने मात्र 5 महीने के अंदर ही इस क्षेत्र को 302 करोड़ रूपए के विकास कार्यो की सौगात दी है। कांग्रेस ने अनूपपुर के विकास को रोकने काम किया और भाजपा ने विकास को आगे बढाया है। 

 

इसे भी पढ़ें: भाजपा ने की चुनाव आयोग में शिकायत, कांग्रेस कर रही है लगातार आचार संहिता का उल्लघंन

भाजपा प्रदेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से ही गरीब, पिछडों, आदिवासियों का अपमान और तिरस्कार करने की रही है। कांग्रेस का इतिहास रहा है कि जिसने बाबा भीमराव अंबेडकर को चुनाव नहीं जीतने दिया और लगातार उनका अपमान किया। भाजपा ने बाबा साहेब का सम्मान करते हुए उनसे जुडे स्थानों को पंचतीर्थो के रूप में संवारा। आदिवासियों के पूज्य रघुनाथ शाह और शंकर शाह जैसे महापुरूषों का सम्मान भारतीय जनता पार्टी सरकार ने किया। उनसे जुडे स्मारकों का विकास शिवराज सरकार करती आयी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 15 महीने सत्ता में रही उसने भाजपा सरकार में गरीब, आदिवासी, बैगा और सहरिया जनजाति के लोगों को मिलने वाले 1000 रूपए को रोककर उनका हक छीनने की कोशिश की। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही आदिवासियों और सहरिया जनजाति बहनों को उनका हक देने का काम किया। संबल योजना फिर से शुरू की गयी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़