UPI Tax पर सरकार के दावों को Congress ने नकारा, कहा- सांसदों ने नहीं किया समर्थन

कांग्रेस ने संसद की वित्त स्थायी समिति में UPI पेमेंट पर टैक्स का समर्थन करने के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। सांसद गौरव गोगोई और जयराम रमेश ने कहा कि समिति में ऐसा कोई प्रस्ताव तय नहीं हुआ था। पार्टी ने आरोप लगाया कि नई नीतियां छोटे भारतीय व्यापारियों को नुकसान पहुंचाती हैं।
कांग्रेस ने गुरुवार को उन दावों को खारिज कर दिया कि संसद की वित्त संबंधी स्थायी समिति में शामिल उसके सांसदों ने ज़्यादा कीमत वाले UPI पेमेंट पर फ़ीस लगाने के फ़ैसले का समर्थन किया था। पार्टी ने कहा कि मोदी सरकार UPI टैक्स के फ़ैसले के बाद हुए ज़बरदस्त विरोध से ध्यान भटकाने की बेहद घटिया कोशिशें कर रही है। सरकार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान पर सवाल उठाए जिसमें उन्होंने व्यापारियों को 2,000 रुपये से ज़्यादा के UPI पेमेंट पर फ़ीस लगाने के फ़ैसले की आलोचना की थी। सरकार का कहना था कि एक संसदीय स्थायी समिति ने इस कदम का समर्थन किया था और समिति में शामिल कांग्रेस सदस्यों ने भी इसका समर्थन किया था। इसके बाद विपक्षी पार्टी का यह बयान आया।
इसे भी पढ़ें: अब्दुल्ला-मायावती-सिब्बल...एक-एक कर मोदी के समर्थन में अचानक क्यों उतरने लगे विरोधी,'चक्रव्यूह' में फंसे राहुल?
सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वित्त मामलों की संसदीय स्थायी समिति ने यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के लिए अलग-अलग स्तरों वाले मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) या रेवेन्यू फ्रेमवर्क की मांग की है और कहा है कि इसे बिना किसी देरी के नोटिफाई और लागू किया जाना चाहिए। बीजेपी पदाधिकारी ने बताया कि 12 अगस्त को जब रिपोर्ट को मंज़ूरी दी गई, तो कांग्रेस के पांच सांसद - पी. चिदंबरम, मनीष तिवारी, गौरव गोगोई, किशोरी लाल और के. गोपीनाथ - वहां मौजूद थे और प्रकाशित मिनट्स में किसी भी तरह की असहमति दर्ज नहीं की गई थी।
इन दावों को खारिज करते हुए गोगोई ने कहा कि संसद की वित्त संबंधी स्थायी समिति ने मोदी सरकार द्वारा हाल ही में घोषित UPI टैक्स प्रस्ताव पर चर्चा नहीं की थी। गोगोई ने कहा कि जब वित्त विभाग के अधिकारी वित्त समिति के सदस्यों से मिले, तो उनके पास UPI टैक्स को लेकर कोई खास प्रस्ताव नहीं था। गोगोई ने बताया कि MDR की ज़रूरत पर सवाल उठाए गए, लेकिन उस समय सरकारी प्रतिनिधियों के पास कोई ठोस या संतोषजनक जवाब नहीं था। गोगोई ने X पर लिखा कि मैं फिर से कहता हूँ कि हाल की UPI टैक्स नीतियां छोटे भारतीय व्यापारियों, वेंडरों और उद्यमियों को नुकसान पहुंचाती हैं और बड़ी अमेरिकी कंपनियों की मदद करती हैं। UPI टैक्स वापस लें। PM मोदी, घुटने टेकना बंद करें।
इसे भी पढ़ें: PM Modi's 76th Birthday | काशी से वड़नगर तक शुरू होगी 'सेवा संकल्प' बाइक यात्रा, 10 राज्यों के 1150 से ज़्यादा गांवों से गुज़रेगी
गोगोई की पोस्ट को टैग करते हुए, कांग्रेस के संचार प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मोदी सरकार के दौर में फली-फूली 'न्यूज़ प्लांटेशन इकोनॉमी' (खबरें प्लांट करने वाली व्यवस्था) अब बेनकाब हो गई है। खुशी है कि आपने इसका खंडन किया। एक अन्य पोस्ट में रमेश ने कहा कि अमेरिकी कंपनियों और डोनाल्डभाई को खुश करने" के लिए लिए गए UPI टैक्स के फैसले के बाद हुए "भारी विरोध" से ध्यान भटकाने के लिए मोदी सरकार "बेहद घटिया" कोशिशें कर रही है। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी सरकार पर निशाना साधा। तिवारी ने X पर कहा कि दुर्भाग्य से, संसदीय स्थायी समितियों की कार्यवाही, जिसे गोपनीय और विशेषाधिकार प्राप्त माना जाता है, उसका इस्तेमाल अब सरकार अपनी वाहवाही बटोरने के लिए करना चाहती है।
अन्य न्यूज़














