CPIM Leaders Detained: दिल्ली में कार्रवाई के खिलाफ केरल में सड़क पर उतरे माकपा कार्यकर्ता

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में गड़बड़ी के विरोध के दौरान दिल्ली में हिरासत में लिए गए पार्टी नेताओं के समर्थन में केरल में व्यापक प्रदर्शन हुए। कोझिकोड, कन्नूर और पलक्कड़ समेत कई स्थानों पर मार्च निकाले गए, जहां पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछार करनी पड़ी। पार्टी ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ अपना आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
तिरुवनंतपुरम, 10 अक्टू्बर मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में पार्टी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद माकपा ने शनिवार को केरलम में विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किया। केरलम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन, पार्टी महासचिव एम. ए. बेबी और राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन समेत माकपा केंद्रीय समिति के नेताओं को दिल्ली पुलिस ने केरल हाउस के पास उस समय हिरासत में ले लिया, जब वे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के विरोध में प्रदर्शन करने के लिए बाहर आए थे। पुलिस ने बताया कि कोझिकोड में बेपोर के विधायक पी. ए. मोहम्मद रियास के नेतृत्व में माकपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
सभा को संबोधित करते हुए रियास ने कहा कि दिल्ली में पार्टी नेताओं को हिरासत में लिया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों और विरोध प्रदर्शन करने के अधिकार के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन आने वाले दिनों में और तेज होगा। कन्नूर में माकपा के जिला सचिव के. के. रागेश ने प्रदर्शन मार्च का नेतृत्व किया, जबकि पार्टी की जिला समितियों ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन आयोजित किए।
अधिकारियों ने बताया कि पलक्कड़ में डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने कहा कि राज्यभर में आगे और प्रदर्शन मार्च निकाले जाने की आशंका के मद्देनजर पुलिस सतर्क है।
अन्य न्यूज़













