Kulgam Attack: हमलावर आतंकियों के मिले पुख्ता सुराग, CRPF का तलाशी अभियान तेज

Kulgam Attack: हमलावर आतंकियों के मिले पुख्ता सुराग, CRPF का तलाशी अभियान तेज
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

जम्मू कश्मीर के कुलगाम में पिछले सप्ताह सीआरपीएफ चौकी पर गोलीबारी करने वाले आतंकियों की धरपकड़ के लिए सुरक्षा बलों ने अभियान तेज कर दिया है। अर्धसैनिक बल के अतिरिक्त महानिदेशक संदीप खीरवार ने बताया कि हमलावरों की पहचान से जुड़े ठोस सुराग हाथ लगे हैं। घायल जवानों का उपचार जारी है और उनकी हालत में अब सुधार है।

जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में पिछले सप्ताह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की चौकी पर हुए हमले में शामिल आतंकवादियों की पहचान को लेकर सुरक्षा बलों को अहम सुराग मिले हैं और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। अर्द्धसैनिक बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। सीआरपीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी), जम्मू कश्मीर जोन, संदीप खीरवार ने यहां एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा, ‘‘हमारा अभियान जारी है।

कुछ निश्चित कारणों से मैं अभियान से जुड़ी जानकारी साझा नहीं कर सकता।’’ कुलगाम के मीर बाजार के पास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक जांच चौकी पर 11 नवंबर को भारी हथियारों से लैस दो आतंकवादियों ने गोलीबारी की जिसमें तीन जवान घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर है। बाद में आतंकवादी जंगल में गायब हो गए।

खीरवार ने कहा, ‘‘एक चुनौती सामने आई; हमारे जवानों पर हमला करने की कोशिश की गई, हालांकि भगवान का शुक्र है कि उन्हें ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। हमने अपनी सतर्कता बढ़ा दी है और साथ ही हम इस हमले के पीछे जो भी लोग हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। हम उन्हें न्याय के कटघरे में लाएंगे।” हमलावरों की पहचान के बारे में पूछे जाने पर एडीजी ने कहा, ‘‘हमें कुछ सुराग मिले हैं और वे काफी पुख्ता सुराग हैं।’’ उन्होंने कहा कि आतंकवादियों का पता लगाने के लिए दक्षिण कश्मीर में कई अभियान ‘‘जारी हैं’’।

घायल जवानों के बारे में पूछे जाने पर खीरवार ने कहा कि उनकी ‘‘हालत बेहतर’’ है। उन्होंने कहा, ‘‘92 बेस अस्पताल के सभी उत्कृष्ट चिकित्सकों ने जवानों की बहुत अच्छी देखभाल की। भगवान की कृपा से और अस्पताल के चिकित्सकों की मदद से... दो जवान दिल्ली जा सके और वे भी पूरी तरह स्वस्थ हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हमारी सतर्कता का स्तर ऊंचा बना रहे और हम हर स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने में सक्षम हों।’’ हिमपात से पहले सुरक्षा बलों के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में एडीजी ने कहा कि सुरक्षा बल ने पिछले वर्षों के अनुभवों से सीखा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम समझते हैं कि मौसम में बदलाव हर साल होता है। हम अपनी सभी एजेंसियों, सभी सुरक्षा बलों, प्रशासन, सरकार और जम्मू कश्मीर की जनता के साथ मिलकर काम करते हैं। हम संभावित परिस्थितियों का पहले से अनुमान लगाते हैं और उन बदलावों के अनुरूप कार्रवाई करते हैं।

हमें विश्वास है कि हमारे सामने आने वाली सभी चुनौतियों से निपटने में हम सक्षम होंगे।’’ खीरवार ने कहा कि अगर शांति और स्थिरता बनी रहेगी तो जम्मू कश्मीर के लोग और देश समृद्ध हो सकेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हमें इसी दिशा में आगे बढ़ना है। मैं जम्मू कश्मीर के सभी लोगों को बधाई देना चाहूंगा जिन्होंने इसे इस मुकाम तक पहुंचाया है कि हम लगभग सामान्य स्थिति के करीब हैं।

हां, हमारे सामने कुछ चुनौतियां हैं। हमने ज्यादातर चुनौतियों पर काफी हद तक काबू पा लिया है लेकिन यह कहना उचित नहीं होगा कि सभी चुनौतियां खत्म हो गई हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी सुरक्षा बलों, प्रशासन, सरकार और जम्मू कश्मीर के लोगों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और हमें पूरा विश्वास है कि जो भी चुनौती बची है उसे हम खत्म करने में सक्षम होंगे।’’ किश्तवाड़ में मारे गए विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) के पार्थिव शरीर ले जाने को लेकर उठे विवाद के बारे में पूछे जाने पर सीआरपीएफ अधिकारी ने कहा, ‘‘हम मारे गए जवानों का पूरा सम्मान करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि... किसी भी जवान या सुरक्षा बलों के किसी भी सदस्य की जान जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। हम मारे गए सभी जवानों को पूरा सम्मान देते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम उनके परिवारों के साथ खड़े हैं और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें और उनके परिवारों को न्याय मिले।’’ जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले के निवासी विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के शव 12 नवंबर को दच्छन के वन क्षेत्र में मिले थे।

वे एक दिन पहले पड़ोसी मरवाह तहसील के बसनंद स्थित सुरक्षा चौकी जाते समय लापता हो गए थे। किश्तवार की विधायक शगुन परिहार ने रविवार को आरोप लगाया कि मारे गए एसपीओ के शवों का अपमान किया गया और उन्हें डंपरों में ले जाया गया। इससे पहले सोमवार को, खीरवार ने शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में सीआरपीएफ कप 2026-श्रीनगर सेक्टर टी20 चैलेंज के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़