Lakshya Sen पर टिकी नजरें, Hong Kong Open में BWF World Tour Finals का टिकट दांव पर

Lakshya Sen
ANI

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन हांगकांग सुपर 500 टूर्नामेंट में अपनी लय बरकरार रखते हुए बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में जगह पक्की करने उतरेंगे। हाल में दो खिताब जीतकर छठे स्थान पर पहुंचे लक्ष्य को इसके लिए सेमीफाइनल में पहुंचना होगा। इस प्रतियोगिता में किदांबी श्रीकांत और सात्विक-चिराग की जोड़ी सहित कई अन्य भारतीय भी चुनौती पेश करेंगे।

 भारत के लक्ष्य सेन मंगलवार से यहां शुरू हो रहे हांगकांग सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपनी शानदार लय जारी रखते हुए सत्र के अंत में होने वाले बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में जगह पक्की करने के इरादे से उतरेंगे। हाइलो ओपन और कुमामोतो मास्टर्स जापान में लगातार दो खिताब जीतने वाले 25 वर्षीय लक्ष्य ने विश्व टूर रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंचकर चीन के हांगझोउ में होने वाले सत्र के अंतिम टूर्नामेंट में जगह लगभग पक्की कर ली है। हालांकि उनकी जगह अभी पूरी तरह सुनिश्चित नहीं हुई है क्योंकि कोकी वातानाबे और कुनलावुत वितिदसर्न भी शीर्ष आठ में जगह बनाकर दिसंबर में होने वाले सत्र के अंतिम टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ में शामिल हैं। 

पिछले साल हांगकांग ओपन में उपविजेता रहने के बावजूद लक्ष्य को अंकों का बचाव नहीं करना है। किसी खिलाड़ी के सर्वश्रेष्ठ 14 टूर्नामेंट के नतीजों को ही रैंकिंग में गिना जाता है। इसका मतलब है कि हांगकांग में हासिल किए गए अंक उनके मौजूदा सबसे कम 2,220 अंकों की जगह ले लेंगे। लक्ष्य को अपनी जगह पक्की करने के लिए हांगकांग ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचना होगा। हालांकि यह इस बात पर भी निर्भर करेगी कि क्वालीफिकेशन की अवधि के अंतिम टूर्नामेंट में अन्य खिलाड़ी कैसा प्रदर्शन करते हैं। लक्ष्य अपने अभियान की शुरुआत ली च्युक यियु के खिलाफ करेंगे जबकि वितिदसर्न का सामना क्वालीफायर से होगा। 

यदि लक्ष्य और वितिदसर्न दोनों अपने शुरुआती मुकाबले जीत लेते हैं तो दूसरे दौर में उनके बीच रोमांचक भिड़ंत होगी। वातानाबे ड्रॉ के दूसरे हाफ में हैं और अपने हमवतन केंटा निशिमोतो के खिलाफ अभियान शुरू करेंगे। अन्य भारतीय खिलाड़ियों में किदांबी श्रीकांत का सामना सातवीं वरीयता प्राप्त अल्वी फरहान से होगा जिन्होंने सत्र के अंतिम टूर्नामेंट के लिए पहले ही क्वालीफाई कर लिया है। महिला एकल में कई युवा भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगी। अनमोल खरब का सामना जापान की चौथी वरीयता प्राप्त तोमोका मियाजाकी से होगा जबकि उन्नति हुड्डा की भिड़ंत आठवीं वरीयता प्राप्त हान युइ से होगी। 

अश्मिता चालिहा और ईशारानी बरुआ पहले दौर में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। देविका सिहाग का सामना चीनी ताइपे की लिन सियांग टी से होगा जबकि रक्षिता रामराज डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट से भिड़ेंगी। पुरुष युगल में विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज और पांचवीं वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी तथा चिराग शेट्टी की जोड़ी का सामना हू के युआन और लिन शियांग यी की चीन की जोड़ी से होगा। हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन अपने अभियान की शुरुआत क्वालीफायर के खिलाफ करेंगे। 

त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता जोड़ी महिला युगल में क्वालीफायर के खिलाफ खेलेगी। मिश्रित युगल में हरिहरन और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी वोंग टिएन सी और लिम च्यू सिएन की मलेशिया की जोड़ी से भिड़ेगी। ध्रुव रावत और मनीषा के का सामना जियांग झेन बांग और वेई या शिन की चीन की दूसरी वरीय जोड़ी से होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़