CRPF Jawan की Bihar के Rohtas में सड़क दुर्घटना में मौत, परिवार के 4 लोग घायल

रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र में मां तुतला भवानी मंदिर जा रहे एक परिवार का ऑटोरिक्शा अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। इस दुर्घटना में 39 वर्षीय जवान कंचन कुमार ठाकुर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे सहित चार परिजन जख्मी हुए हैं। पुलिस के अनुसार सामने से आ रही एसयूवी से बचने की कोशिश में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया था।
बिहार के रोहतास जिले में रविवार को एक ऑटोरिक्शा सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया, जिससे सीआरपीएफ के 39 वर्षीय एक जवान की मौत हो गई और उसके परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना शनिवार को रोहतास के तिलौथू थाना क्षेत्र के निमियाडीह-तेरका के निकट हुई।
थाना प्रभारी (एसएचओ) शुभम कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, सीआरपीएफ कर्मी कंचन कुमार ठाकुर अपने परिवार के सदस्यों के साथ दर्शन के लिए ताराचंडी से मां तुतला भवानी जा रहे थे, तभी ऑटोरिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से टकरा गया। उन्होंने बताया कि ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए और सासाराम के सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, बच्चा और परिवार के दो अन्य सदस्य हादसे में घायल हो गए। कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और पुलिस को लिखित शिकायत मिली है, जिसके आधार पर यातायात थाने में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
उन्होंने कहा, स्थानीय लोगों के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रही एक एसयूवी से टक्कर से बचने की कोशिश में ऑटोरिक्शा चालक ने वाहन पर संतुलन खो दिया। हालांकि, जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो एसयूवी वहां नहीं थी। एसएचओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अन्य न्यूज़













