सीआरपीएफ के जवान ने की गोलीबारी, चार जवानों की मौत

[email protected] । Jan 12 2017 4:12PM

बिहार के औरंगाबाद में तैनात केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान द्वारा छुट्टी पर जाने को लेकर हुए विवाद के दौरान अपने साथियों पर आज की गयी गोलीबारी में चार जवानों की मौत हो गयी।

औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले के नबीनगर प्रखंड स्थित नबीनगर पावर जेनेरेटिंग कंपनी में सुरक्षा के लिए तैनात केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के एक जवान द्वारा छुट्टी पर जाने को लेकर हुए विवाद के दौरान अपने साथियों पर आज की गयी गोलीबारी में चार जवानों की मौत हो गयी। पुलिस अधीक्षक डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि गोलीबारी करने वाले जवान बलबीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बलबीर ने छुट्टी पर जाने के लिए आवेदन दिया था और उन्हें छुट्टी नहीं मिल पाई। किसी दूसरे जवान द्वारा इस बात को लेकर उन पर तंज कसे जाने पर उन्होंने आवेश में आकर अपनी राइफल से गोलीबारी कर दी जिसकी चपेट में चार जवान आ गए।

उन्होंने बताया कि बलबीर द्वारा की गयी गोलीबारी में बच्चा शर्मा और एन मिश्र नामक दो जवानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य जवानों अरविंद कुमार और जीएस राम को पड़ोसी रोहतास जिला स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाए जाने पर उन्हें चिकित्सकों ने मृत लाया हुआ घोषित कर दिया। सत्यप्रकाश ने बताया कि अधिकारियों की टीम को घटनास्थल भेजा गया है और टीम के लौटने के बाद ही विस्तृत जानकारी मिल पाएगी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़