Hyderabad में कैंपस खोलेगा US का CU Denver, UGC से मिला आशय पत्र

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने अमेरिकी सरकारी विश्वविद्यालय कोलोराडो डेनवर को तेलंगाना की राजधानी में नया परिसर शुरू करने के लिए आशय पत्र प्रदान किया है। इसके साथ ही यह भारत में डिग्री देने की अनुमति पाने वाला पहला अमेरिकी सरकारी विश्वविद्यालय बन गया है। इस परियोजना के लिए वैश्विक शिक्षा कंपनी एमेरिटस के साथ संयुक्त उद्यम साझेदारी की गई है।
नयी दिल्ली, सात अक्टूबर कोलोराडो डेनवर विश्वविद्यालय (सीयू डेनवर) ने कहा है कि उसे भारत के विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से हैदराबाद में विश्वविद्यालय एक नया परिसर स्थापित करने के लिए एक आशय पत्र मिला है। इसके साथ ही यह भारत में डिग्री प्रदान करने के लिए परिसर स्थापित करने की अनुमति पाने वाला पहला सरकारी अमेरिकी विश्वविद्यालय बन गया है। पिछले साल, शिकागो में स्थित ‘इलिनॉय इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी’ भारत में अपना परिसर स्थापित करने वाला पहला अमेरिकी विश्वविद्यालय बना था।
यह एक निजी विश्वविद्यालय है, जिसने मुंबई में अपना परिसर स्थापित किया है और सितंबर में छात्रों के अपने पहले बैच का स्वागत किया। सीयू डेनवर का भारत में परिसर तेलंगाना का पहला विदेशी विश्वविद्यालय परिसर भी होगा। सीयू डेनवर के कुलाधिपति केनेथ टी. क्रिस्टेंसन के अनुसार, उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा तक अधिक से अधिक लोगों की पहुंच सुनिश्चित करना लंबे समय से विश्वविद्यालय का लक्ष्य रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हैदराबाद में हमारी योजनाएं इसी प्रतिबद्धता पर आधारित हैं। साथ ही, भारत के उन छात्रों के साथ हमारे लंबे समय से जारी संबंध भी इसका आधार हैं, जो दशकों से सीयू डेनवर से जुड़े रहे हैं।’’ विश्वविद्यालय द्वारा जारी एक बयान में उन्होंने कहा, ‘‘अब हमारे पास इस संबंध को और आगे बढ़ाने तथा भारत के छात्रों तक अपने विशिष्ट अनुभव पहुंचाने का मौका है। इसमें उच्च शैक्षणिक मानकों वाली पढ़ाई और करियर के अनुरूप शिक्षा का अनुभव शामिल होगा, जो छात्रों को सार्थक करियर बनाने और अपने समुदायों में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए तैयार करेगा।’’ वैश्विक शिक्षा कंपनी एमेरिटस भारत में विश्वविद्यालय की रणनीतिक संयुक्त उद्यम साझेदार है और यह विश्वविद्यालय के साथ मिलकर काम कर रही है।
अन्य न्यूज़













