Delhi में 275 किग्रा वजनी किशोर की Bariatric Surgery सफल, 50 किग्रा घटा वजन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों ने 275 किलोग्राम वजन वाले एक 16 वर्षीय किशोर का लैप्रोस्कोपिक स्लीव गैस्ट्रेक्टॉमी ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया है। अत्यधिक मोटापे और ऑब्स्ट्रक्टिव स्लीप एपनिया जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज को इलाज के लिए मैटाडोर से अस्पताल लाया गया था। इस सर्जरी के करीब दो महीने बाद किशोर का वजन लगभग 50 किलोग्राम घटकर 223 किलोग्राम रह गया है।

दिल्ली के 275 किलोग्राम वजन के 16 साल के लड़के की राष्ट्रीय राजधानी के एक निजी अस्पताल में सफल बैरिएट्रिक सर्जरी की गई। डॉक्टरों ने सोमवार को यह जानकारी दी। डॉक्टरों के मुताबिक, उसे अस्पताल लाए जाने के समय सांस लेने में गंभीर परेशानी, ‘ऑब्स्ट्रक्टिव स्लीप एपनिया’ और शरीर में त्वचा संक्रमण की समस्या थी।

सर गंगा राम अस्पताल के अनुसार, किशोर का ‘बॉडी मास इंडेक्स’ 100 के करीब पहुंच रहा था। बयान के मुताबिक, अत्यधिक मोटापे की वजह से किशोर सामान्य कार में बैठने में भी सक्षम नहीं था और उसे अस्पताल तक मैटाडोर में लाया गया था। इसमें कहा गया है कि सांस से जुड़ी अन्य जटिलताओं के उपचार के लिए उसे लगभग दो सप्ताह तक बाल गहन देखभाल इकाई (पीआईसीयू) में रखा गया।

किशोर का सर गंगाराम अस्पताल के इंस्टीट्यूट ऑफ मिनिमल एक्सेस, मेटाबॉलिक एंड बैरिएट्रिक सर्जरी के डॉक्टरों ने लैप्रोस्कोपिक स्लीव गैस्ट्रेक्टॉमी ऑपरेशन किया। इस प्रक्रिया में पेट के एक बड़े हिस्से को निकालकर उसका आकार छोटा कर दिया जाता है, जिससे वजन कम करने में मदद मिलती है। अस्पताल के प्रमुख बैरिएट्रिक सर्जन डॉ. दक्ष सेठी ने कहा, यह सामान्य बैरिएट्रिक सर्जरी नहीं थी।

मरीज की कम उम्र, अत्यधिक वजन और गंभीर स्लीप एपनिया जैसी समस्याओं के कारण ऑपरेशन के हर चरण की बेहद सावधानी से योजना बनानी पड़ी। सर्जरी के करीब दो महीने बाद किशोर का वजन करीब 275 किलोग्राम से घटकर 223 किलोग्राम रह गया है। यानी उसका वजन लगभग 50 किलोग्राम कम हुआ है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़