Arvind Kejriwal का पुराना आवास Sheeshmahal अब आम जनता के लिए खुलेगा, PWD करेगा टिकट की व्यवस्था

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिल्ली सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के छह फ्लैगस्टाफ रोड स्थित पूर्व सरकारी आवास को जनता के देखने के लिए खोलने का फैसला किया है। लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि लोग अगले सप्ताह से टिकट बुक कर इस बंगले के अंदरूनी हिस्से देख सकेंगे। शुरुआत में मीडिया को इसका दौरा कराया जाएगा।

दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मंगलवार को घोषणा की कि दिल्ली सरकार पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास ‘शीशमहल’ को आम लोगों के देखने के लिए खोलेगी। सिंह ने कहा कि आम लोगों के लिए आवास देखने का समय आरक्षित करने और टिकट बुक करने की व्यवस्था अगले सप्ताह तक शुरू कर दी जाएगी। मंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जनता की मांग को देखते हुए हम ‘शीशमहल’ को लोगों के देखने के लिए खोलेंगे।

हम लोगों को भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण दिखाएंगे कि कैसे एक व्यक्ति, जिसने कहा था कि वह सरकारी वाहन तक का इस्तेमाल नहीं करेगा, उसने कई अन्य घरों को ध्वस्त करके अपने लिए यह आलीशान आवास बनवाया।’’ उन्होंने कहा कि शुरुआत में मीडिया के लिए आवास देखने की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद आम लोग टिकट खरीदकर आवास के अंदरूनी हिस्सों को देख सकेंगे। फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला नंबर छह में केजरीवाल 2015 से 2024 तक दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान रहे थे।

फरवरी 2025 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) और उसके राष्ट्रीय संयोजक के कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए इस बंगले को ‘शीशमहल’ नाम दिया था। पिछले साल दिल्ली विधानसभा में पेश भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) की एक रिपोर्ट के अनुसार, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित केजरीवाल के तत्कालीन सरकारी आवास (बंगला नंबर छह) के नवीनीकरण पर 33.66 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जो अनुमानित लागत से 342 प्रतिशत अधिक थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़