Delhi NCR में दिवाली से पहले PM 2.5 स्तर तीन साल के शीर्ष पर, CSE रिपोर्ट से हुआ खुलासा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सीएसई के नए विश्लेषण के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में दिवाली से पूर्व सप्ताह में पीएम 2.5 की औसत सांद्रता 236 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। स्थानीय स्रोतों में वाहनों के उत्सर्जन की 52 प्रतिशत हिस्सेदारी रही, जबकि पड़ोसी जिलों से आने वाले धुएं का कुल योगदान 54.43 प्रतिशत आंका गया। रिपोर्ट बताती है कि केवल पटाखे ही नहीं बल्कि साल भर चलने वाले प्रदूषण स्रोत मुख्य संकट बने हुए हैं।

दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में इस साल सर्दियों की शुरुआत में वायु प्रदूषण की स्थिति और खराब हो गई है तथा दिवाली से पहले के सप्ताह में पीएम 2.5 की औसत सांद्रता तीन साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई, जबकि वाहनों से होने वाला उत्सर्जन एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाला प्रदूषण हवा जहरीली होने के प्रमुख कारण बने हुए हैं। विज्ञान एवं पर्यावरण केंद्र (सीएसई) के एक नए विश्लेषण में यह बात सामने आई है। बुधवार को जारी विश्लेषण के अनुसार, दिवाली से पहले के सप्ताह में पीएम 2.5 की औसत सांद्रता 236 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई।

यह 2025 में दर्ज 120 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से 97 प्रतिशत और 2024 में दर्ज 179 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से 32 प्रतिशत अधिक है। विश्लेषण के अनुसार, इस साल सर्दियां शुरू होने से पहले प्रदूषण का स्तर आमतौर पर 2025 की तुलना में अधिक रहा। हालांकि, सितंबर के अंत में बारिश के कारण कुछ समय के लिए प्रदूषण में कमी आई थी।

सीएसई के अनुसार, इन निष्कर्षों से पता चलता है कि साल भर प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए किए गए उपाय प्रभावी नहीं रहे तथा दिवाली पर पटाखे जलाने से स्थिति और खराब हो गई लेकिन प्रदूषण संकट का एकमात्र कारण पटाखे नहीं थे। सीएसई में अनुसंधान एवं पैरवी संबंधी कार्यों की कार्यकारी निदेशक अनुमिता रायचौधरी ने कहा, ‘‘प्रदूषण का मूल स्तर पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है।’’ भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) की निर्णय सहायता प्रणाली (डीएसएस) के एक से आठ नवंबर तक के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में पड़ोसी एनसीआर जिलों से आने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी 54.43 प्रतिशत रही, जबकि स्थानीय स्रोतों का योगदान 33.06 प्रतिशत और पराली जलाने का योगदान 14.29 प्रतिशत था। स्थानीय स्रोतों में वाहनों से होने वाले उत्सर्जन का प्रदूषण में सबसे अधिक 52 प्रतिशत योगदान रहा।

इसके बाद घरेलू गतिविधियों का योगदान 13 प्रतिशत और बाहरी इलाकों में स्थित उद्योगों का 11 प्रतिशत था। निर्माण गतिविधियों का योगदान सात प्रतिशत रहा, जबकि ऊर्जा के इस्तेमाल और कचरा जलाने की हिस्सेदारी पांच-पांच प्रतिशत थी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण का योगदान घटने के बावजूद वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर बनी रही।

चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के पहले चरण के प्रतिबंधों के दौरान दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में पराली जलाने से निकलने वाले धुएं का योगदान 3.9 प्रतिशत था। यह एक नवंबर को बढ़कर 11.5 प्रतिशत हो गया, लेकिन दो नवंबर को घटकर 8.6 प्रतिशत रह गया। यह योगदान चार नवंबर को बढ़कर सर्वाधिक 16.2 प्रतिशत हो गया, लेकिन छह नवंबर तक घटकर करीब आठ प्रतिशत रह गया।

छह नवंबर को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बिगड़कर 382 पर पहुंच गया था, जिसके बाद ग्रैप के तीसरे चरण के उपाय लागू किए गए। विश्लेषण में राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण के नए प्रमुख केंद्रों के उभरने की ओर भी ध्यान दिलाया गया है। दिल्ली में आधिकारिक रूप से चिह्नित प्रदूषण के 13 प्रमुख केंद्रों में से 11 पर एक अक्टूबर से आठ नवंबर के बीच पीएम 2.5 की सांद्रता पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में कम दर्ज की गई।

हालांकि, कई अन्य स्थानों पर प्रदूषण का स्तर अधिक रहा। आनंद विहार में पीएम 2.5 के स्तर में 49 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद वजीरपुर में 41 प्रतिशत, अशोक विहार में 40 प्रतिशत और बवाना में 22 प्रतिशत की कमी आई।

हालांकि, जहांगीरपुरी और पंजाबी बाग में प्रदूषण के स्तर में क्रमशः दो प्रतिशत और एक प्रतिशत की मामूली वृद्धि दर्ज की गई। जहांगीरपुरी प्रदूषण के आधिकारिक रूप से चिह्नित प्रमुख केंद्रों में सबसे प्रदूषित बना रहा जहां पीएम 2.5 की औसत सांद्रता 163 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। प्रदूषण के नए प्रमुख केंद्रों में विवेक विहार में पीएम 2.5 की औसत सांद्रता 144 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रही।

इसके बाद सोनिया विहार में 139, आईटीओ में 137 और दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के आसपास 135 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। रिपोर्ट में सड़कों पर वाहनों की भीड़ को लेकर भी चिंता जताई गई है। इसमें कहा गया है कि ग्रैप के तहत लगाए गए आपातकालीन यातायात प्रतिबंधों से सप्ताह के कामकाजी दिनों में यातायात की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ।

विश्लेषण में यह भी पाया गया कि नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (एनओ2) का स्तर शाम के व्यस्त समय में तेजी से बढ़ता है और आधी रात तक अधिक बना रहता है। नाइट्रोजन डाइऑक्साइड के कुल उत्सर्जन में वाहनों की हिस्सेदारी करीब 80 प्रतिशत है। रिपोर्ट में वाहनों, उद्योगों, निर्माण गतिविधियों, कचरा जलाने और शहरी क्षेत्रों में प्रदूषण के अन्य स्रोतों से होने वाले उत्सर्जन को कम करने के लिए साल भर कदम उठाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।

सीएसई में स्वच्छ हवा और टिकाऊ परिवहन संबंधी कार्यक्रम के उप प्रबंधक शुभम श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘यातायात प्रबंधन के पारंपरिक तरीके और अलग-अलग समय पर लगाए जाने वाले आपातकालीन प्रतिबंध वाहनों के इस अत्यधिक दबाव से निपटने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।’’ उन्होंने कहा कि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसी रणनीतियों की जरूरत है, जिनसे शहर की सड़कों पर वाहनों की संख्या सक्रिय रूप से कम की जा सके।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़