दिल्ली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में 17 साल से फरार दो भगोड़े आरोपियों को किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने वर्ष 2007 के हत्या के प्रयास के मामले में करीब 17 साल से फरार चल रहे दो भगोड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के रामपुर और दिल्ली के मयूर विहार से गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों ने फरार रहने के दौरान अपनी पहचान बदलकर टैक्सी चलाना शुरू कर दिया था।
नयी दिल्ली, 27 जुलाई दिल्ली पुलिस ने हत्या की कोशिश के एक मामले में करीब 17 साल से फरार दो भगोड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि दोनों को अपराध शाखा ने 25 जुलाई को उत्तर प्रदेश के रामपुर और दिल्ली के मयूर विहार में अलग-अलग अभियान के तहत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान इकबाल सिंह उर्फ पल्ला (46) और भूपेंद्र सिंह उर्फ लवली (47) के तौर पर हुई है। उन्हें 2007 में पटेल नगर थाने में दर्ज हत्या की कोशिश से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि दोनों को 2007 में गिरफ्तार कर लिया गया था औरजमानत पर जेल से बाहर आने के बाद वे फरार हो गए थे तथा उन्हें बाद में भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।
अधिकारी के मुताबिक, यह मामला पारिवारिक विवाद से उपजा है और भूपेंद्र ने अमरजीत सिंह की मर्जी के खिलाफ उसकी बहन से शादी कर ली, जिससे दोनों परिवारों के बीच लंबे समय तक दुश्मनी बनी रही। अधिकारी ने कहा कि 11 अप्रैल 2007 को इकबाल, भूपेंद्र और उनके साथियों ने पटेल नगर इलाके में अमरजीत सिंह पर कथित तौर पर लकड़ी के तख्ते और लोहे की पाइप से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि फरार रहने के दौरान दोनों आरोपियों ने अपनी पहचान बदल ली और टैक्सी चलाने लगे।
पुलिस ने बताया कि इकबाल दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास और वाहन चोरी सहित 15 आपराधिक मामलों में शामिल है। भूपेंद्र पर पहले से छह मामले दर्ज हैं।
अन्य न्यूज़














