Delhi Police ने IGI Airport क्षेत्र में Drone और ग्लाइडर उड़ाने पर लगाया 60 दिनों का प्रतिबंध

आतंकी हमले की आशंका वाली खुफिया सूचनाओं के बाद दिल्ली पुलिस ने आईजीआई हवाई अड्डा उपमंडल में मानवरहित विमान प्रणालियों पर रोक लगा दी है। सहायक पुलिस आयुक्त प्रदीप कुमार मीणा द्वारा जारी यह आदेश 18 नवंबर से प्रभावी हो गया है। सरकारी व जनहित सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों के उल्लंघन पर बीएनएस की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली पुलिस ने आतंकी हमले की आशंका को देखते हुए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डा उपमंडल में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर और अन्य मानवरहित विमान प्रणालियों (यूएएस) के संचालन पर 60 दिनों के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। सहायक पुलिस आयुक्त (पालम उप-मंडल, आईजीआई हवाई अड्डा) प्रदीप कुमार मीणा द्वारा जारी प्रतिबंध आदेश 18 नवंबर से प्रभावी हुआ है और 16 जनवरी 2027 तक लागू रहेगा। आदेश के अनुसार, विश्वसनीय सूचनाओं पर आधारित लगातार मिल रही रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि आतंकवादी मानवरहित विमान प्रणाली (ड्रोन) से हमले कर सकते हैं।
आदेश में कहा गया है, ‘‘आम जनता द्वारा ड्रोन, पैराग्लाइडर, एयरो-मॉडल आदि मानव रहित विमान प्रणालियों (यूएएस) का उपयोग प्रतिबंधित है, क्योंकि यह विमानन सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है और इससे आतंकवादी हवाई हमले का गंभीर सुरक्षा खतरा पैदा होता है।’’ आदेश में कहा गया कि सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति के साथ-साथ मानव जीवन की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय है, जिसके कारण ऐसे उपकरणों के संचालन को रोकने के लिए तत्काल निवारक उपायों की आवश्यकता है। गृह मंत्रालय की अधिसूचना के साथ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए मीणा ने आईजीआई हवाई अड्डा उपमंडल के क्षेत्र में 60 दिनों तक किसी भी तरह के ड्रोन या मानवरहित विमान प्रणाली के उड़ाने पर रोक लगा दी है। आदेश में कहा गया कि निर्देशों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अन्य न्यूज़













