ED ने Saurabh Chandrakar को किया गिरफ्तार, कोर्ट ने 19 नवंबर तक हिरासत में भेजा

ED ने Saurabh Chandrakar को किया गिरफ्तार, कोर्ट ने 19 नवंबर तक हिरासत में भेजा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े छह हजार करोड़ रुपये के धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने सौरभ चंद्राकर को हिरासत में ले लिया है। रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत ने लंबी बहस के बाद जांच एजेंसी को आरोपी की रिमांड मंजूर की। इससे पहले वह ओमान से प्रत्यर्पण के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की हिरासत में था।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को करीब छह हजार करोड़ रुपये के ‘महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप’ घोटाले के कथित सरगना सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया। ईडी के अधिवक्ता ने यह जानकारी दी। चंद्राकर पहले से ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की हिरासत में था और उसे सट्टा ऐप से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था।

ईडी के वकील सौरभ कुमार पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एजेंसी ने चंद्राकर को यहां धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उसे 19 नवंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया। सीबीआई इस महीने की शुरुआत में चंद्राकर को ओमान से भारत लेकर आई थी और उसे चार नवंबर को सीबीआई की अदालत में पेश किया गया था, जहां से आठ दिन की हिरासत में भेजने और पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाने की अनुमति दी गई थी। रिमांड की अवधि समाप्त होने पर सीबीआई ने बृहस्पतिवार को उसे अदालत में पेश किया।

सीबीआई ने हिरासत का अनुरोध नहीं किया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पांडे ने बताया कि ईडी ने पीएमएलए अदालत में चंद्राकर को पेश करने के लिए ‘वारंट’ जारी करने का अनुरोध किया था, जिसे बृहस्पतिवार को मंजूरी मिल गई थी। इसके बाद शुक्रवार को उसे विशेष न्यायाधीश (पीएमएलए) अमित राठौर की अदालत में पेश किया गया।

उन्होंने बताया कि ईडी ने चंद्राकर को गिरफ्तार करने की अनुमति देने का अनुरोध किया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच लंबी बहस हुई। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने गिरफ्तारी की अनुमति दे दी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अपराह्न करीब तीन बजकर 10 मिनट पर चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया गया।

सीबीआई के अनुसार, जांच में पता चला कि ‘महादेव ऑनलाइन बुक’ देश के सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट में से एक था और इसे कथित तौर पर भारत के बाहर से फ्रेंचाइजी पैनल व शाखाओं के नेटवर्क के जरिए संचालित किया जा रहा था। एजेंसी का आरोप है कि अवैध सट्टेबाजी से अर्जित रकम को कई फर्जी बैंक खातों के जरिए इधर-उधर किया जाता था। सीबीआई ने आरोप लगाया कि कई लेनदेन के माध्यम से रकम की परतें बनाई जाती थीं और फिर हवाला के जरिए विदेश भेज दिया जाता था।

एजेंसी ने आरोप लगाया कि इस कमाई का एक हिस्सा सरकारी अधिकारियों को ‘सुरक्षा राशि’ के तौर पर दिया जाता था, ताकि सिंडिकेट बिना किसी बाधा के अपना काम जारी रख सके। ईडी महादेव ऐप से जुड़े कथित धन शोधन मामले की अलग से जांच कर रही है। यह मामला छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस की पिछली सरकार के कार्यकाल में सामने आया था।

ईडी ने पहले दावा किया था कि जांच में राज्य के कई वरिष्ठ राजनेताओं और नौकरशाहों की संलिप्तता सामने आई है। राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद ईडी की रिपोर्ट के आधार पर मार्च 2024 में राज्य की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मामला दर्ज किया था। प्राथमिकी में पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल, ऐप के प्रवर्तक रवि उप्पल, सौरभ चंद्राकर, शुभम सोनी और अनिल कुमार अग्रवाल समेत 14 अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।

ईडी के अनुमान के मुताबिक, इस कथित घोटाले में अपराध से अर्जित कुल रकम करीब छह हजार करोड़ रुपये है। एजेंसी ने इस सिंडिकेट से जुड़ी भारत और विदेशों में स्थित कई संपत्तियों को जब्त किया है। एजेंसी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रहने वाले सौरभ चंद्राकर और उसके सह-आरोपी रवि उप्पल ने ‘महादेव बुक ऐप’ का प्रचार किया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़